प्रतिमाएं बजाएंगी वाद्य यंत्र, पग-पग गूंजेंगे पियानों के स्वर

चम्बल रिवर फ्रंट पर तैयार हो रहा म्यूजिकल जोन

प्रतिमाएं बजाएंगी वाद्य यंत्र, पग-पग गूंजेंगे पियानों के स्वर

चम्बल नदी के किनारे कोई हारमोनियम बजाते हुए नजर आएगा तो कोई गिटार। कोई तम्बूरा बजाते नजर आएगा तो उस संगीत के बीच नृत्य करती महिला भी सभी का मन मोहती नजर आएगी। यह अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा चम्बल रिवर फ्रंट पर।

कोटा । चम्बल नदी के किनारे कोई हारमोनियम बजाते हुए नजर आएगा तो कोई गिटार। कोई तम्बूरा बजाते नजर आएगा तो उस संगीत के बीच नृत्य करती महिला भी सभी का मन मोहती नजर आएगी। यह अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा चम्बल रिवर फ्रंट पर। रिवर फ्रंट पर बनाए जा रहे घाटों में से एक म्युजिकल घाट(जोन) बनाया गया है। जहां बांसवाड़ा के पत्थरों से सीढ़ीनुमा आकार बनाया गया है। जिसे दूर से ही देखने पर वह पियानो की तरह नजर आएगा। उस म्यूजिकल जोन में संगीत की धुन बिखेरते हुए प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। जिनमें से एक प्रतिमा हारमोनियम बजाते हुए तो  दूसरी प्रतिमा गिटार बजाते हुए नजर आएगी। एक प्रतिमा तम्बूरा बजाते हुए तो एक महिला गिटार बजाते हुए नृत्य करते दिखेगी।

गन मैटल की बैठी हुई ये प्रतिमाएं म्यूजिकल जोन में स्थापित होंगी। जयपुर में तैयार ये प्रतिमाएं रिवर फ्रंट पर पहुंच गई हैं। हालांकि अभी इन्हें स्थापित नहीं किया गया है। जिससे ये कपड़े से ढकी हुई हैं। लेकिन जैसे ही ये नदी किनारे म्यूजिकल घाट पर स्थापित होंगी तो इन्हें देखने से ही लगेगा मानो वास्तव में संगीतकार बैठकर वाद्य यंत्र बजा रहे हैं। ये प्रतिमाएं अभी भी ऐसी लग रही हैं मानो अभी बोलने लगेंगी। रिवर फ्रंट पर इसी तरह से बन रहे विभिन्न घाटों पर अलग-अलग आकार की प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी। जिनमें से कई प्रतिमाएं कोटा पहुंच गई हैं। जबकि अधिकतर प्रतिमाएं आना शेष हैं।

नगर विकास न्यास द्वारा कोटा बैराज से नयापुरा स्थित चम्बल की रियासतकालीन पुलिया तक नदी के दोनों तरफ 6 किमी. क्षेत्र में चम्बल रिवर फ्रंट का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 800 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से पहले फेज में नदी किनारे एक तरफ 12 व दूसरी तरफ 7 समेत कुल 19 घाट बनाए जा रहे हैं। जिनका काम तेजी से किया जा रहा है।  न्यास अधिकारियों के अनुसार रिवर फ्रंट के पहले फेज का काम इस साल दिसम्बर तक पूरा होने की संभावना है। 

Post Comment

Comment List

Latest News