राज्यपाल कलराज मिश्र और सीएम अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने रामनवमी पर दी शुभकामनाएं

राज्यपाल कलराज मिश्र और सीएम अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने रामनवमी पर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा और नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया सहित कई नेताओं ने प्रदेश के लोगों को रामनवमी के पर्व पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।

जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया सहित कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन पर्व पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने ट्वीट कर कहा कि आप सभी को रामनवमी के पावन पर हार्दिक बधाई, प्रभु श्री राम की कृपा हम सब पर बनी रहे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्रीराम ने जीवन में विपरीत परिस्थितियों में भी अपने आदर्शों को कभी नहीं त्यागा। उनका जीवन त्याग, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं वचनबद्धता का अनुपम उदाहरण है। सीपी जोशी ने देशवासियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद सभी पर सदा बना रहे, स्वस्थ एवं समृद्ध रहें।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, सेवा, वचनबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा का ऐसा अनुपम उदाहरण है, जो युगों-युगों तक मानवता को राष्ट्रहित के लिए प्रेरित करता रहेगा। गुलाबचंद कटारिया ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए सनातन जगत की सकल, आस्था के केंद्र और भारत की अटूट श्रद्धा के प्रतीक एवं ब्रह्मांड नायक श्रीराम सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने, सब के लिये यह महापर्व मंगलकारी होने की कामना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित कई नेताओं ने भी प्रदेशवासियों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Post Comment

Comment List

Latest News