CM गहलोत से मिले स्विट्जरलैंड के राजदूत

CM गहलोत से मिले स्विट्जरलैंड के राजदूत

हैकनर ने जनवरी में होने वाली इंवेस्ट समिट में दिखाई रूचि

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से सोमवार शाम को मुख्यमंत्री निवास पर भारत में स्विट्जरलैंड के राजदूत डॉ. रॉफ  हैकनर ने मुलाकात की। गहलोत से हैकनर की यह शिष्टाचार भेंट थी। हैकनर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि निवेश की वृहद् संभावनाओं और ईज ऑफ  डूइंग बिजनेस के लिए राजस्थान सरकार की ओर से लगातार लिए जा रहे फैसलों से स्विस कम्पनियों एवं निवेशकों में भी सकारात्मक संदेश गया है और वे राजस्थान में जनवरी में होने वाली इन्वेस्ट समिट में भागीदारी के लिए दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हैकनर ने बताया कि टूरिज्म के क्षेत्र में स्विट्जरलैंड दुनिया का एक अग्रणी देश है। इसी प्रकार राजस्थान भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र है। इस दिशा में राजस्थान और स्विट्जरलैंड एक-दूसरे की विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए और भी आगे बढ़ सकते हैं। इस दौरान दोनों के बीच सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पारस्परिक सहयोग पर भी चर्चा हुई। हैकनर ने राज्य में ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सुधारों की सराहना की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए 20 एवं 21 जनवरी, 2022 को जयपुर में स्टेट इन्वेस्टर समिट ‘इन्वेस्ट राजस्थान-2022’ का आयोजन करने जा रही है। जिसमें स्विस निवेशकों की भी भागीदारी अपेक्षित है। राज्य सरकार ने प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।

Post Comment

Comment List

Latest News