गरमा-गरम और फोर्टीफाइड भोजन से हष्ट-पुष्ट बनेगी भावी पीढ़ी

आंगनबाड़ी केन्द्रों में नई रेसिपी लागू, कैलोरी और प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने पर जोर

 गरमा-गरम और फोर्टीफाइड भोजन से हष्ट-पुष्ट बनेगी भावी पीढ़ी

हष्ट -पुष्ट और सेहतमंद भावी पीढ़ी का निर्माण करने के लिए सरकार की ओर से अब आंगनबाड़ी स्तर पर ही बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं पर फोकस किया जाएगा। इसके तहत गेहूं, चावल, दाल की सूखी खाद्य सामग्री को बंद कर उसके स्थान पर ताजा व गरमा-गरम पोषाहार देने की व्यवस्था लागू की जा रही है।

कोटा। हष्ट -पुष्ट और सेहतमंद भावी पीढ़ी का निर्माण करने के लिए सरकार की ओर से अब आंगनबाड़ी स्तर पर ही बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं पर फोकस किया जाएगा। इसके तहत गेहूं, चावल, दाल की सूखी खाद्य सामग्री को बंद कर उसके स्थान पर ताजा व गरमा-गरम पोषाहार देने की व्यवस्था लागू की जा रही है। सरकार की ओर से कॉनफैड के जरिए आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सीधे फोर्टिफाइड गुणवत्तापूर्ण पैकिंग में तैयार प्रोसेस्ड पूरक पोषाहार की आपूर्ति की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका समेत छह सदस्यीय समिति उसे गर्म कर वितरण करेंगी। वहीं, गर्भवती व धात्री महिलाओं के लिए टेक होम राशन (प्रोसेस्ड पूरक पोषाहार) दिया जाएगा। यह राशन माह में एक बार एक साथ ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। इससे गर्भवती धात्री महिलाएं उनकी सुविधानुसार घर पर गरम पोषाहार तैयार कर सकेंगी। आंगनबाड़ी पर नन्हे-मुन्नों को रोज गरमा-गरम नाश्ता मिलेगा। आगामी एक सप्ताह में जिले के सभी 1033 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर यह सामग्री पहुंच जाएगी।

मिलेगी अधिक कैलोरी
नई रेसिपी के मुताबिक कैलोरी और प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने पर जोर दिया गया है। अधिक पौष्टिक भोजन से बच्चे और मां सेहतमंद रहेगी। प्रतिमाह गर्भवती धात्री महिलाओं को 1400 ग्राम न्यूट्री मीठा दलिया, 1400 ग्राम मूंग दाल खिचड़ी, 700 ग्राम सादा गेहूं दलिया दिया जाएगा। 6 माह से 3 वर्ष के सामान्य बच्चे को 480 ग्राम न्यूट्री मीठा दलिया, 480 ग्राम मूंग दाल चावल खिचड़ी व सादा गेहूं दलिया 540 ग्राम तथा बालाहार प्रीमिक्स 1375 ग्राम दिया जाएगा। 6 माह से 3 वर्ष के अतिकुपोषित को 500 ग्राम न्यूट्री मीठा दलिया, 500 ग्राम मूंग दाल खिचड़ी, 1500 ग्राम सादा गेहूं दलिया तथा 1125 ग्राम बालाहार पोषाहार के दो पाउच दिए जाएंगे। इसी तरह 3 से 6 वर्ष तक के बच्चे को प्रतिमाह 1500 ग्राम बालाहार प्रीमिक्स दिया जाएगा।

फोर्टिफाइड     भोजन     दिन         मात्रा
मीठा मुरमुरा     नाश्ता     सोम, बुध, शुक्रवार     60 ग्राम रोज
नमकीन मुरमुरा     नाश्ता     मंगल, गुरु, शनिवार     60 ग्राम रोज
खिचड़ी गर्म     भोजन     सोम, गुरुवार     60 ग्राम रोज
मीठा दलिया गर्म     भोजन     मंगल, शुक्रवार     60 ग्राम रोज
उपमा प्रीमिक्स गर्म     भोजन     बुधवार, शनिवार     60 ग्राम रोज
(3 से 6 वर्ष के सामान्य, अतिकुपोषित के लिए मात्रा)

गुणवत्ता का रखना होगा ख्याल
आदेशों में पोषाहार के परिवहन, वितरण, भंडारण एवं गुणवत्ता को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वजन कराकर ही पोषाहार देंगी। वजन मशीन परिवहनकर्ता खुद लेकर पहुंचेंगे तथा स्वयं ही उतारकर रखेंगे। थैली, पाउच, सील्ड कटे, फटे नहीं होने चाहिए। पोषाहार प्राप्ति का रजिस्टर में इंद्राज कर पोषण ट्रैकर एप में जानकारी देनी होगी। पोषाहार भंडारण व वितरण के दौरान खराब नहीं होना चाहिए। आदेश से पहले की उत्पादन तिथि होने तथा गुणवत्ता के सम्बंध में किसी तरह की शिकायत होने पर सामग्री को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इनका कहना है
अगले एक-डेढ़ हफ्ते में कॉनफैड के माध्यम से सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सामग्री पहुंच जाएगी। निश्चित रूप से इससे बच्चों और गर्भवती व धात्री महिलाओं को पर्याप्त पोषण मिल सकेगा।
-विमलेश कुमारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

Post Comment

Comment List

Latest News