नई मंत्रिपरिषद की पहली बैठक कल : नए मंत्रियों के विभागों के बंटवारे की रोचक जानकारी के लिए पढ़े यह खबर

नई मंत्रिपरिषद की पहली बैठक कल : नए मंत्रियों के विभागों के बंटवारे की रोचक जानकारी के लिए पढ़े यह खबर

कल्ला को शिक्षा, जोशी को जलदाय, परसादी को चिकित्सा और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी, हेमाराम वन एवं पर्यावरण, रामलाल राजस्व, रमेश पंचायती राज व ग्रामीण विभाग और शकुंतला संभालेगी उद्योग, राज्य मंत्री भाटी को बिजली, यादव को उच्च शिक्षा, बिश्नोई को श्रम, ओला को परिवहन और मुरारी को कृषि विपणन का स्वतंत्र जिम्मा मिला

 जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल कलराज मिश्र के अनुमोदन के बाद सोमवार को मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया। गहलोत ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल में 12 नए मंत्रियों को शामिल किया था। इसके साथ तीन राज्य मंत्रियों को पदोन्नत किया था। इन सभी 15 मंत्रियों को रविवार को राजभवन में राज्यपाल ने शपथ दिलाई थी। विभागों के बंटवारे में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों की योग्यता और अनुभव का पूरा ध्यान रखा है। उन्होंने वित्त, गृह, कार्मिक, वाणिज्यिक कर, न्याय, आईटी, कैबिनेट सचिवालय, एनआरआई, राजस्थान स्टेट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो, सामान्य प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जैसे महत्वपूर्ण 10 विभागों को अपने पास रखा है। पहले गोविंद सिंह डोटासरा के पास रहा शिक्षा विभाग अब बीडी कल्ला देखेंगे। रघु शर्मा के पास रहे स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी अब परसादीलाल मीणा को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री के पास पहले 11 विभाग थे। इसमे से आबकारी विभाग छोड़ दिया है, जबकि सूचना जनसंपर्क विभाग ले लिया है।

नई मंत्रिपरिषद की पहली बैठक कल
 मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की नई मंत्रिपरिषद की पहली बैठक बुधवार को शाम चार बजे होगी। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बुलाई गई इस बैठक में नए मंत्रियों को उनके विभागों की जानकारियां दी जाएगी। इस बैठक के बाद सभी मंत्रियों को चार से पांच दिन के लिए जिलों में भेजा जाएगा। जल्द प्रभारी मंत्रियों की नई सूची भी जारी की जाएगी।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सभी मंत्रिगणों को विभागों की जिम्मेदारी दे दी गई है। सभी मंत्रिगणों को उनके दायित्व की सफलता के लिए शुभकामनाएं’।-अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री

इन पांच मंत्रियों के नहीं बदले विभाग
मुख्यमंत्री ने अपनी पुरानी टीम में से पांच काबीना मंत्रियों के विभाग नहीं बदले हैं। इसके साथ राज्य मंत्री से पदोन्नत होकर कैबिनेट मंत्री बनी ममता भूपेश और दो राज्य मंत्रियों के विभाग बरकरार रखे हैं। शांति धारीवाल के पास नगरीय विकास और ससंदीय कार्य, लालचंद कटारिया के पास कृषि, प्रमोद जैन भाया के पास खान एवं  गोपालन, उदयलाल आंजना के पास सहकारिता, शाले मोहम्मद के पास अल्वसंख्यक कल्याण विभाग यथावत रखा है। राज्य मंत्री से कैबिनेट मंत्री बनीं ममता भूपेश के पास महिला बाल विकास विभाग पहले की तरह ही रहेगा। राज्य मंत्री अशोक चांदना के पास खेल और युवा मामले पूर्ववत हैं। सूचना जनसंपर्क विभाग नया जोड़ा है। सुभाष गर्ग के पास तकनीकी शिक्षा और आयुर्वेद बरकरार रखकर दो विभाग नए जोड़े हैं।

इन पांच काबीना मंत्रियों के बदले विभाग
मुख्यमंत्री ने तीन पुराने कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्री से कैबिनेट पदोन्नत हुए दो मंत्रियों को मिलाकर पांच काबीना मंत्रियों के विभाग बदले हैं। बीडी कल्ला से ऊर्जा और पीएचईडी लेकर उसकी जगह शिक्षा, प्रतापसिंह खाचरियावास को परिवहन की जगह खाद्य विभाग, परसादीलाल मीणा को उद्योग की जगह स्वास्थ्य विभाग दिया है। राज्य मंत्री से कैबिनेट  मंत्री बने टीकाराम जुली को श्रम विभाग की जगह सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग और भजनलाल जाटव को होमगार्ड की जगह पीडब्ल्यूडी जैसा बड़ा विभाग दिया गया है। राज्य मंत्रियों में भंवर सिंह भाटी, राजेन्द्र सिंह यादव, सुखराम बिश्नोई के विभाग बदले गए हैं। भाटी को उच्च शिक्षा की जगह ऊर्जा, जल संसाधन और इंदिरा गांधी नहर परियोजना(आईजीएनपी) दिया है। सुखराम बिश्नोई को वन विभाग की जगह श्रम और राजस्व विभाग दिया है।

Post Comment

Comment List

Latest News