जयपुर हेरिटेज महापौर को हटाने को लेकर कांग्रेस के 37 पार्षद हुए लामबंद

जयपुर हेरिटेज महापौर को हटाने को लेकर कांग्रेस के 37 पार्षद हुए लामबंद

सत्ता पक्ष के विधायक भी दो खेमों में बंटे

जयपुर। नगर निगम हेरिटेज की महापौर मुनेश गुर्जर को हटाने को लेकर कांग्रेस के 37 पार्षद लामबंद हो गए हैं। हालांकि उच्च स्तर पर असंतुष्ट पार्षदों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देर रात तक पार्षद नरम नहीं पड़े थे। पार्षदों के साथ ही कांग्रेस के विधायकों का एक गुट भी मेयर को हटाने के पक्ष में है। महापौर की कार्य प्रणाली से उसी की पार्टी के पार्षद नाराज है।


नगर निगम हेरिटेज में कुल सौ पार्षद है। इनमें कांग्रेस के 47 पार्षद है। नौ निर्दलीयों के सहयोग से कांग्रेस की मुनेश गुर्जर को नवम्बर 2020 में  महापौर बनाया गया था। महापौर को लेकर शुरू से ही कांग्रेस दो गुटों में बंट हुई थी। अब पार्षदों का असंतोष ज्यादा बढ़ गया है। समितियों के अध्यक्ष बनाने को लेकर निर्दलीयों ने महापौर के खिलाफ पिछले दिनों प्रदर्शन भी किया था। अब कांगे्रस और उसके समर्थक 37 पार्षदों ने महापौर को हटाने को लेकर पिछले दिनों क्षेत्रीय विधायक अमीन कागजी को पत्र भी सौंपा था। इस संबंध में महापौर मुनेश गुर्जर का पक्ष जानने के लिए उनसे कई बार संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और ना ही मैसेज का जवाब दिया।

उप महापौर को लेकर भी हो चुका है विवाद

जयपुर नगर निगम हेरिटेज में उप महापौर असलम फारूकी को लेकर भी विवाद हो चुका है। कांग्रेस के ही पार्षद उमरदराज ने भारी विरोध किया था। उप महापौर पद पर उमरदराज मजबूत दावेदार थे, लेकिन उस समय क्षेत्रीय विधायक अमीन खान उमरदराज के पक्ष में नहीं थे।

इनका कहना है
हे रिटेज की महापौर के खिलाफ कांग्रेस के पार्षदों में खासी नाराजगी है। उन्होंने एक पत्र भी लिखा है। इस संबंध में
मैंने मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास को अवगत करा दिया है। जल्द ही पार्षदों के साथ बैठक की जाएगी। -अमीन कागजी, विधायक

विधायक अमीन कागजी ने मुलाकात कर घटनाक्रम के बारे में अवगत कराया है। जल्द ही नगर निगम हेरिटेज के पार्षदों की बैठक बुलाकर मामले को सुलटाया जाएगा। - प्रतापसिंह खाचरियावास, काबीना मंत्री एवं विधायक सिविल लाइन्स

Post Comment

Comment List

Latest News