प्रदेश में लगातार तीसरे साल कोरोना से प्रभावित होगा शैक्षणिक सत्र

तिथियों को लेकर मशक्कत जारी

प्रदेश में लगातार तीसरे साल कोरोना से प्रभावित होगा शैक्षणिक सत्र

आठवीं व पांचवीं की बोर्ड परीक्षाएं होंगी माध्यमिक परीक्षाओं के साथ

 जयपुर। प्रदेश में सभी स्तर के स्कूल और शिक्षण संस्थाएं खुलने के साथ ही परीक्षाओं की तैयारी भी शिक्षा विभाग शुरू करेगा। इस बार भी कोरोना के चलते नया सेशन 2022-23 अप्रैल में समय पर शुरू नहीं हो सकेगा, क्योंकि अधिकांश स्कूलों में एग्जाम अप्रैल में होंगे। ये एग्जाम अप्रैल के पहले या दूसरे सप्ताह में हो सकते हैं। जबकि आठवीं बोर्ड एग्जाम एक बार फिर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के साथ होंगे। शिक्षा विभाग ने स्कूल स्तर पर होने वाले एग्जाम की डेट तय करने के लिए मशक्कत शुरू कर दी है। मार्च से अप्रैल के पहले सप्ताह तक बोर्ड एग्जाम होंगे। इसके ठीक बाद स्कूलों में एग्जाम शुरू हो जाएंगे। अप्रैल में ही रिजल्ट आएगा।

जल्द जारी होगा परीक्षाओं का कार्यक्रम

आमतौर पर नया सेशन एक अप्रैल से शुरू होता है, लेकिन इस बार विलंब से होगा। 15 मई के बाद स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू होती है। इससे पहले एक बार औपचारिक रूप से सेशन शुरू करने की तैयारी चल रही है। शिक्षा विभागीय पंजीयक कार्यालय भी आठवीं बोर्ड एग्जाम के लिए जल्द टाइम टेबल जारी करेगा। एक पारी में बोर्ड के दसवीं व बारहवीं के एग्जाम होंगे, जबकि दूसरी पारी में आठवीं कक्षा के बोर्ड पैटर्न एग्जाम होंगे। पांचवीं बोर्ड के लिए पांच मार्च तक फार्म भरने का काम हो रहा है। जबकि एग्जाम डेट अब तक तय नहीं है। शिक्षा विभग के निदेशक कानाराम ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों को पटरी पर लाने के लिए शिक्षा विभाग सरकार के निर्देश पर काम कर रहा है। बुधवार से सभी स्तर के स्कूल खोल दिए गए हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि सभी गतिविधियां समय पर हो।

बिना एग्जाम नहीं होंगे पास
पिछले दो साल से स्टूडेंट्स को बिना एग्जाम ही पास किया जा रहा था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। कोरोना संक्रमण दर कम हो रही है। तमाम पाबंदियां भी खत्म हो गई है। ऐसे में स्कूलों पर कोई पाबंदी लगने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। ऐसे में विद्यार्थी बिना एग्जाम दिए पास नहीं होंगे। यही नहीं ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी, लेकिन परीक्षाएं आॅफलाइन ही होंगी।

फैक्ट फाइल
    प्रदेश में 65 हजार सरकारी स्कूलों में करीब 98 लाख से ज्यादा विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
    स्कूल शिक्षा विभाग में 4,05,633 कार्मिक कार्यरत। 30 फीसदी महिला यानी सवा लाख है।
    प्रदेश में 9वीं से 12वीं तक के  14914 से अधिक सरकारी स्कूल और कुल स्टूडेंट्स 26 लाख से ज्यादा हैं।
    राज्य में नौ से बाहरवीं तक के निजी स्कूल 16180 से ज्यादा और कुल स्टूडेंट्स 25 लाख
    प्रारंभिक शिक्षा में राज्य में करीब 55 लाख स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे। इनमें करीब 26 लाख स्टूडेंट्स सरकारी स्कूल में है।
    1 से 8 तक की सरकारी स्कूल में 40 लाख में से 22 लाख छात्राएं हैं।
    प्राइवेट व सरकारी स्कूलों के कुल छात्र करीब 1.65 करोड़ हैं।

Post Comment

Comment List

Latest News