बिना उपयोग लिए खराब हो गया ऑक्सीजन प्लांट

जेके लोन अस्पताल में पीएम केयर फंड से किया था स्थापित, 200 सिलेंडर प्रतिदिन की बताई थी क्षमता

बिना उपयोग लिए खराब हो गया ऑक्सीजन प्लांट

जेके लोन अस्पताल में पीएम केयर फंड से स्थापित आॅक्सीजन प्लांट पूरी क्षमता से शुरू भी नहीं हुआ था। इससे पूर्व ही प्लांट खराब हो गया है। ऐसे में प्लांट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसको कोविड की दूसरी लहर के बाद अस्पताल में स्थापित किया गया था। इसकी प्रतिदिन 200 सिलेंडर की क्षमता बताई थी। इसका संचालन ठीक से हुआ भी नहीं कि इसमें खराबी आ गई है।

कोटा। जेके लोन अस्पताल में पीएम केयर फंड से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट पूरी क्षमता से शुरू भी नहीं हुआ था। इससे पूर्व ही प्लांट खराब हो गया है। ऐसे में प्लांट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार इसको कोविड की दूसरी लहर के बाद अस्पताल में स्थापित किया गया था। इसकी प्रतिदिन 200 सिलेंडर की क्षमता बताई थी। इसका संचालन ठीक से हुआ भी नहीं कि इसमें खराबी आ गई है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने इसको ठीक करवाने के लिए इंजीनियर बुलाया है। खास बात यह है कि ये प्लांट पहली बार खराब नहीं हुआ है। इससे पहले भी खराब हो चुका है। उस समय अस्पताल प्रशासन ने इसको ठीक करवा दिया था। अब फिर से इसमें खराबी आ गई है। ऐसे में हर कोई इस पर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि आॅक्सीजन प्लांट इमरजेंसी सेवाओं में शामिल है। इसकी क्वालिटी उच्च स्तर की होनी चाहिए। क्योंकि, इमरजेंसी में इसकी काफी जरुरत होती है। इस दौरान खराब हो जाए तो मरीजों के जीवन पर संकट आ सकता है।  फिर यह तो नया प्लांट है। इसमें खराबी आने की कम ही संभावना रहती है। इसके बावजूद भी खराब हो रहा है।


वेंटिलेटर का भी आया था मामला
पीएम केयर फंड से खराब उपकरणों का ये पहला मामला नहीं है। इससे  पूर्व भी मेडिकल कॉलेज में मरीजों के परिजन शिकायत कर चुके हैं। कोविड की दूसरी लहर में तो एक मरीज की मौत पर परिजनों ने हंगामा तक कर दिया था। अस्पताल में तोड़फोड़ की थी। अच्छी बात यह है कि अभी कोविड के मरीज नहीं है। साथ ही ऑक्सीजन की मांग भी न के बराबर है। ऑक्सीजन की मांग होती तो बड़ी परेशानी हो सकती थी। फिर भी कुछ माह में ही लाखों रुपए की लागत से तैयार प्लांट खराब होना चिंता की बात है।


जेके लोन में पांच प्लांट
जेके लोन अस्पताल में 5 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होने हैं। इसमें तीन आॅक्सीजन प्लांट पहले ही तैयार हो चुके है। जबकि, दो लगाएं जाएंगे। इनमें से एक ऑक्सीजन प्लांट अभी खराब पड़ा है। इसको अस्पताल प्रशसन द्वारा ठीक करवाया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दो नए प्लांट तैयार हो रहे हैं जो इनडोर भवन में स्थापित किए जाएंगे। इनके स्थापित होने से अस्पताल में आॅक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। ऑक्सीजन के लिए अस्पताल आत्मनिर्भर हो जाएगा।


इनका कहना है
ऑक्सीजन प्लांट खराब हो गया है। ये पीएम केयर फंड से स्थापित किया गया था। इसको ठीक करने के लिए इंजीनियर आ गया है। जल्द ठीक कर दिया जाएगा। - डॉ. एचएल मीना, अधीक्षक, जेके लोन अस्पताल,

Read More कार्यालय की दशा सुधरी, पार्किंग की नहीं

Post Comment

Comment List

Latest News