चुनावों की तैयारियों में जुटी भाजपा: एक भाजपाई को 25 वोटर को रिझाने का जिम्मा

अगले 10 दिन में 11 लाख पन्ना प्रमुख बनेंगे, वोटर्स से सीधे करेंगे संपर्क

चुनावों की तैयारियों में जुटी भाजपा: एक भाजपाई को 25 वोटर को रिझाने का जिम्मा

वोटर लिस्ट के हर पन्ने पर जितने वोटर्स हैं, उनको पार्टी के पक्ष में वोट देने के लिए रिझाने के लिए पार्टी एक प्रमुख यानी पन्ना प्रमुख बना रही है।

जयपुर। पांच राज्यों के चुनावों की समाप्ति के बाद प्रदेश भाजपा पौने दो साल पहले ही चुनावी जीत की तैयारी में जुट गई है। भाजपा सभी मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाने के लिए पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति करने जा रही है। हर 25 वोटों से सीधा संपर्क रखने के लिए भाजपा प्रदेशभर में 11 लाख पन्ना प्रमुख बनाने जा रही है। इस काम को पार्टी आगामी 12 दिन यानी 4 अप्रैल तक पूरा करेगी। इसकी शुरुआत शनिवार को होगी। श्रीगंगानगर में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया पन्ना प्रमुख बनाने का काम शुरू करवाएंगे। राजस्थान में करीब 52 हजार बूथ हैं। इस हिसाब से प्रदेश में हर बूथ पर भाजपा 20-21 पन्ना प्रमुख बना रही है।

यह होगी पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी
वोटर लिस्ट के हर पन्ने पर जितने वोटर्स हैं, उनको पार्टी के पक्ष में वोट देने के लिए रिझाने के लिए पार्टी एक प्रमुख यानी पन्ना प्रमुख बना रही है। यह पन्ना प्रमुख अपने वोटर लिस्ट के एक पन्ने के सभी मतदाताओं से मोबाइल, व्यक्तिगत संपर्क करेगा। भाजपा की रीति-नीति, केन्द्र सरकार के काम, प्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलता इत्यादि के बारे में बताकर पार्टी के पक्ष में करेगा। वोटिंग के दिन उन्हें मतदान केन्द्र तक लाने का जिम्मा भी उसी का होगा।

इसी रणनीति पर अन्य राज्यों में जीत
भाजपा पिछले दिनों यूपी सहित अन्य सभी राज्यों में चुनावों में इसी रणनीति के तहत पन्ना प्रमुख बनाकर चुनाव लड़ी है और इसके पार्टी के पक्ष में परिणाम भी आए हैं। भाजपा की यह रणनीति सबसे पहले गुजरात चुनावों में मोदी-शाह ने क्रियान्वित की थी। फिर लोकसभा चुनावों में भी पन्ना प्रमुख से फायदा मिला था। हालांकि राजस्थान में पिछले 2018 के चुनावों में भी पन्ना प्रमुख बनाए गए थे, लेकिन तब भाजपा को प्रदेश में हार का सामना करना पड़ा था।

संगठन रचना पार्टी को खास ताकत देती है। आखिरी मतदाता तक पहुंच के लिए पन्ना प्रमुख बना रहे हैं। 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस तक हर बूथ पर पन्ना प्रमुख बना दिए जाएंगे।’
- सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा।

Post Comment

Comment List

Latest News