हाइजनिक परिवहन से फिर डम्परों पर लौटा निगम

केन्द्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण टीम को काम दिखाने का मौका आया तो नतीजा शून्य, साजीदेहड़ा की जगह नयागांव से हो रहा ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरे का परिवहन , ट्रेचिंग ग्राउंड के कचरे में लगी आग ने बढ़ाई ट्रांसफर स्टेशन की दूरी

हाइजनिक परिवहन से फिर डम्परों पर लौटा निगम

हालत यह है कि आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन से कचरे का परिवहन ही बंद हो गया है।

कोटा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के भौतिक सत्यापन के लिए केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय की टीम इन  दिनों कोटा आई हुई है। उस टीम को जब निगम द्वारा  आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन से होने वाले हाइजनिक कचरा परिवहन को दिखाने का मौका आया था। उस समय हालत यह है कि आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन से कचरे का परिवहन ही बंद हो गया है। नगर निगम के नांता स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरे के पहाड़ में आग लगते ही कचरा ट्रांसफर स्टेशन की दूरी बढ़ गई है। पहले जहां साजीदेहड़ा स्थित आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन से कंटेनरों के जरिए कचरे को हाइजनिक तरीके से परिवहन किया जा रहा था वह अब नयागांव से डम्परों के माध्यम से हो रहा है।

नगर निगम कोटा उत्तर व कोटा दक्षिण को कचरे का हाइजनिक तरीके से परिवहन करने के लिए आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनाने थे। नगर निगम कोटा दक्षिण ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से साजीदेहड़ा में धार का अखाड़ा के पास आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन तैयार भी कर लिया। जहां से कोटा दक्षिण निगम के आधे सेक्टरों का कचरा कंटेनरों के माध्यम से बंद होकर हाइजनिक तरीके से नांता स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड जा रहा था। ट्रेचिंग ग्राउंड में पहुंच रहे रोजाना करीब 400 टन कचरे में से आधा कोटा दक्षिण क्षेत्र का कचरा है। लेकिन ट्रेचिंग ग्राउंड के कचरे में गत दिनों आग लगी। आग पर काबू पाने में नगर निगम को दस दिन से अधिक का समय लगा। ऐसे में कोटा उत्तर निगम के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि कोटा दक्षिण से कंटेनरों में आ रहे कचरे के कारण यहां आग लगी है। इस आरोप को देखते हुए नगर निगम कोटा दक्षिण के अधिकािरयों  ने अस्थायी रूप से आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन से कचरे का परिवहन कुछ समय के लिए बंद कर दिया है।

नयागांव में डाला जा रहा कोटा दक्षिण का कचरा
नगर निगम कोटा दक्षिण का कचरा साजीदेहड़ा स्थित आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन में डलना बंद होने के बाद उसे नयागांव में डाला जा रहा है। नगर निगम कोटा दक्षिण द्वारा ट्रक यूनियन के पास ट्रांसपोर्ट नगर में निगम के कचरा ट्रांसफर स्टेशन को आधुनिक बनाने का काम चल रहा है। जिससे वहां का कचरा भी नयागांव में डाला जा रहा है। उसी जगह पर साजीदेहड़ा वाले कचरे को भी डाला जा रहा है। हालांकि शहर के आधे सेक्टरों का कचरा वहां जाने से टिपरों व ट्रैक्टर ट्रॉलियों को समय व डीजल दोनों अधिक लग रहे हैं।

साजीदेहड़ा की जगह नयागांव से हो रहा परिवहन
पहले जहां साजीदेहड़ा स्थित आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन से कचरे का परिवहन ट्रेचिंग ग्राउंड में हो रहा था। वह अब नयागांव से हो रहा है। हालांकि दोनों उल्टी दिशा में हैं। नयागांव रावतभाटा रोड पर शहर से करीब 12 किमी दूर है। जबकि ट्रेचिंग ग्राउंड नदी पार नांता क्षेत्र में है। ऐसे में नयागांव से नांता तक की दूरी काफी अधिक बढ़ गई है। जिससे कचरा परिवहन में समय और डीजल दोनों अधिक लग रहे हैं।

टीम को दिखाने के लिए कुछ नहीं
नगर निगम कोटा उत्तर व कोटा दक्षिण द्वारा शहर की सफाई के लिए काम तो किए गए लेकिन ऐसा कोई काम नहीं है जिससे रैकिंग सुधार हो सके। साथ ही अधिकारी केन्द्रीय टीम को कुछ अच्छा दिखा सकें। हालाकि सफाई के संसाधन व मशीनरी तो खूब आ चुकी है। लेकिन गीला व सूखा कचरा और ट्रेचिंग ग्राउंड के कचरे के निस्तारण संबंधी कोई काम नहीं किया जा सका है।

इनका कहना है
ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरा अधिक होने से बड़े वाहन जाने में समस्या हो रही थी। इस कारण से फिलहाल आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन से कंटेनरों से कचरे का परिवहन बंद कर दिया है। वर्तमान में कोटा दक्षिण के कचरे का परिवहन नयागांव क्षेत्र से हो रहा है।
-कीर्ति राठौड़, आयुक्त , नगर निगम कोटा दक्षिण

फैक्ट फाइल:
कोटा में नगर निगम-2
कोटा उत्तर निगम में वार्ड-70
कोटा दक्षिण निगम में वार्ड-80
कोटा शहर से रोजाना निकल रहा कचरा-400 टन
कोटा उत्तर क्षेत्र का कचरा-200 टन
कोटा दक्षिण क्षेत्र का कचरा -200 टन

Post Comment

Comment List

Latest News

Loksabha Election 2024 : भाजपा में परिवार से दो टिकट, वसुंधरा का बेटा और विश्व राज की पत्नी लड़ रही चुनाव Loksabha Election 2024 : भाजपा में परिवार से दो टिकट, वसुंधरा का बेटा और विश्व राज की पत्नी लड़ रही चुनाव
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने पूर्व में तय किया था कि किसी भी लोकसभा सीट पर परिवारवाद के...
राजस्थान में गर्मी बढ़ते ही हीट वेव पर अलर्ट हुआ चिकित्सा विभाग  
अवैध ऑर्गन ट्रांसप्लांट रोकने के लिए हाईटेक बनेगा सिस्टम
वर्ष 2023 की अंतिम तिमाही में इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 93.61 करोड़ रही
दलित और अल्पसंख्यक वोटों को साधने में जुटी कांग्रेस
बगरू में तीन दिवसीय जुगलदरबार लक्खी मेला आगाज, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
विवाह से चंद घंटों पहले मेनाल रेजीडेंसी में करंट से दूल्हे की मौत