मोदी सरकार के आने के बाद से मीडिया के दमन का चला है कुचक्र : गहलोत
भारत की रैंकिंग 150 वें स्थान पर पहुंच गई है
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में भारत की रैंकिंग 180 देशों में 150 वें स्थान पर पहुंच गई है।
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में भारत की रैंकिंग 180 देशों में 150 वें स्थान पर पहुंच गई है। यह भारतीय मीडिया की दुर्दशा का प्रतीक है। 2014 में मोदी सरकार के आने के बाद से ही मीडिया के दमन का ऐसा कुचक्र चला है कि मीडिया पूरी तरह केन्द्र सरकार, भाजपा एवं आरएसएस के अनुसार चल रही है। गहलोत ने ट्वीट के जरिए कहा कि महंगाई एवं बेरोजगारी के कारण जनता में हाहाकार है, लेकिन इस पर मीडिया में कोई चर्चा नहीं हो रही है। सिर्फ धर्म के नाम पर ध्रुवीकरण की ही बहस चलती रहती है।
मीडिया को केन्द्र सरकार के दबाव में ना आकर जनता का साथ देना चाहिए। जब मीडिया आमजन के हित की बात करेगा, तो जनता भी मीडिया का साथ देगी और केन्द्र सरकार की इतनी हिम्मत नहीं होगी कि वो मीडिया पर अंकुश लगा सके।
Comment List