जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता : राहुल

इस देश को कांग्रेस ही आगे ले जा सकती है

जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता : राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कार्यकर्ता एवं नेता जनता के बीच जाएं। उनकी समस्याएं सुनें और समझें। कांग्रेस फिर से उठ खड़ी होगी।

उदयपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कार्यकर्ता एवं नेता जनता के बीच जाएं। उनकी समस्याएं सुनें और समझें। कांग्रेस फिर से उठ खड़ी होगी। यह काम शॉर्ट कट का नहीं है, बल्कि इसके लिए पसीना बहाना पड़ेगा। जनता से संपर्क और संबंध फिर से बनाना पड़ेगा, क्योंकि जनता जानती है कि इस देश को कांग्रेस ही आगे ले जा सकती है। यह काम भाजपा नहीं कर सकती है। राहुल गांधी ने यह बातें उदयपुर में हुए पार्टी के ‘नव संकल्प शिविर’ के समापन कार्यक्रम में कही।

मेरी लड़ाई आरएसएस और भाजपा से
राहुल गांधी ने संकल्प जताया कि उनकी लड़ाई आरएसएस एवं भाजपा की विचारधारा के खिलाफ  है। जो उनके जीवन के अंत तक चलेगी। वह यह कतई मानने को तैयार नहीं हैं कि इस देश में इतनी नफरत फैल सकती है। उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ  बड़ी ताकतें होने की भी बात कही, लेकिन वह डरते नहीं हैं। उन्होंने संसद में दिए गए अपने भाषण को याद दिलाते हुए दोहराया कि भारत राज्यों का एक संघ है। भारत के लोग संघ बनाने के लिए एक साथ आते हैं।

भाजपा में होता है दलितों का अपमान
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा में दलितों को अपनी बात कहने का अवसर नहीं दिया जाता है। इसके बजाए कांग्रेस के हर मंच पर खुलकर बात करने एवं कहने का मौका दिया जाता है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पार्टी में हर व्यक्ति को उसकी बात बोलने दी जाती है। चाहे वह स्वीकार हो या न हो। उन्होंने इसके लिए उत्तराखंड के पूर्व मंत्री यशपाल आर्य को उदृत करते हुए यह बात कही।

डरने की जरूरत नहीं
राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी से नहीं डरते, क्योंकि उन्होंने एक रुपए का भी भ्रष्टाचार नहीं किया है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को डरने की कतई जरूरत नहीं है और जमीन पर काम करते रहें।

Read More हैंगिंग ब्रिज पर टोल कंपनी काट रही कोटावासियों की जेब

सोनिया ने की गहलोत की तारीफ
कांग्रेस की आलाकमान सोनिया गांधी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जमकर तारीफ की। उदयपुर में आयोजित तीन दिवसीय नव संकल्प शिविर के समापन के अवसर पर गांधी ने संबोधित किया। उन्होंने गहलोत की तारीफ करते हुए कहा कि इन्होंने यहां शिविर का बहुत बढ़िया मैनेजमेंट किया। मुझे महसूस हुआ कि मैं मेरे परिवार के बीच में हूं और गहलोत मेरे परिवार के ही सदस्य है। अपने संबोधन के दौरान सोनिया गांधी खुश मिजाज मूड में नजर आई। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने समापन कार्यक्रम के अंत में भारत जोड़ो यात्रा की बात कही। पार्टी की ओर से आगामी दो अक्टूबर यानी महात्मा गांधी की जयंती पर कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा आरंभ की जाएगी। इसमें  युवा और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। जिला स्तर पर देशभर में आगामी 15 जून से जन जागरण अभियान शुरू होगा। सोनिया गांधी ने कहा कि हम इस परिस्थिति से उभरेंगे। यही हमारा दृढ़ निश्चय है और यही हमारा नव संकल्प है।

Read More प्रदेश की 12 सीटों पर 2.54 करोड़ से ज्यादा लोग डालेंगे वोट

फैसलों का जल्द दिखेगा सीधा असर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि नव संकल्प शिविर में लिए गए फैसलों का जल्द ही सीधा असर दिखाई देगा। शिविर समापन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को एकजुट रहना पड़ेगा। अभी देश के हालात काफी नाजुक स्थिति में हैं। आरएसएस और भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है। राजस्थान में पिछले दिनों तीन जगह दंगे हुए, इनमें भाजपा के माने हुए नेताओं का हाथ है। अलवर के राजगढ़ में तो भाजपा का ही बोर्ड था, जिसने ही तोड़फोड़ करवाई थी, जिसकी वजह से दंगा भड़का था। भाजपा राहुल की छवि को सोशल मीडिया के जरिए बिगाड़ रही है। कांग्रेस का जनता से कनेक्शन कमजोर हुआ है। हम आम जनता के सुख दुख में भागीदारी निभाएंगे। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल तर्क के आधार पर राजनीति कर रहे हैं,जबकि देश में धर्म के नाम पर धु्रवीकरण हो रहा है। भाजपा के लोग देश को धर्म के नाम पर बांट रहे हैं।

Read More केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुआ मतदान दलों का अंतिम रेंडमाइजेशन

Post Comment

Comment List

Latest News