सऊदी अरब में मनाहेल को सभ्य कपड़े ना पहनने पर 11 साल जेल की सजा

करीब डेढ़ साल पहले गिरफ्तार किया गया था

सऊदी अरब में मनाहेल को सभ्य कपड़े ना पहनने पर 11 साल जेल की सजा

वह महिला अधिकारों के लिए मुखर रही हैं। सोशल मीडिया पर वह अक्सर महिलाओं को ज्यादा अधिकार दिए जाने की बात करती थी। 

रियाद। सऊदी अरब में युवा महिला एक्टिविस्ट को गिरफ्तार किए जाने के बाद अदालत ने 11 साल जेल की सजा सुनाई है। सऊदी अधिकारियों ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त को दिए एक बयान में पुष्टि की है कि मनाहेल अल-ओतैबी को विशेष अदालत ने 11 साल की सजा सुनाई थी। ओतैबी को अनुचित कपड़े पहनकर वीडियो बनाने और महिला अधिकारों के पक्ष में दिए बयान के लिए करीब डेढ़ साल पहले गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद ओतैबी के केस की आतंकवाद विरोधी अदालत में गुप्त रूप से सुनवाई हुई। सऊदी के आतंकवाद विरोधी कानून से संबंधित आरोपों में औतैबी को दोषी पाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक अल-ओतैबी एक फिटनेस आर्टिस्ट और कलाकार हैं। वह महिला अधिकारों के लिए मुखर रही हैं। सोशल मीडिया पर वह अक्सर महिलाओं को ज्यादा अधिकार दिए जाने की बात करती थी। 

अल-ओतैबी की प्रमुख मांग महिलाओं के लिए ड्रेस कोड में छूट की थी, वह अबाया पहनने का लगातार विरोध करती थीं। उनको 2022 में गिरफ्तार किया गया था। ओतैबी पर लगे आरोपों ये भी था कि उन्होंने पुरुषों को मिले विशेष अधिकारों को समाप्त करने के लिए सोशल मीडिया पर अभियान चलाया। उनकी बहन फौज अल-ओतैबी पर भी अच्छे कपड़े नहीं पहनने का आरोप लगाया गया था लेकिन वह गिरफ्तारी से पहले सऊदी अरब से भागने में सफल रही थीं। उनकी एक और बहन मरियम भी महिला अधिकारों की पैरोकार रही हैं और 2017 में गिरफ्तार भी हो चुकी हैं।

सऊदी के फैसले की हो रही है आलोचना
अधिकार समूहों का कहना है कि अल-ओतैबी को महिला अधिकारों पर मुखर होने की वजह से गंभीर दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। 29 साल की अल-ओतैबी को नवंबर 2022 में कथित तौर पर सऊदी अरब के साइबर-अपराध विरोधी कानून को तोड़ने के लिए गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने दावा किया कि उसने अशोभनीय कपड़े पहनकर कानून को तोड़ा है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि ओतैबी को सऊदी अरब में पुरुषों को महिलाओं के बारे में भी अधिकार देने वाले कानून की आलोचना करने और उसे समाप्त करने का आह्वान करने के लिए गिरफ्तार किया गया।

 

Read More उत्तर कोरिया ने जल क्षेत्र में सामरिक बैलिस्टिक मिसाइल का किया परीक्षण 

Tags: manahel

Post Comment

Comment List

Latest News