मूसलाधार बारिश से प्रयागराज में हाहाकार: घरों में 5-6 फीट पानी, नावों से निकाले गए लोग; थाना भी जलमग्न

जनजीवन अस्त-व्यस्त

मूसलाधार बारिश से प्रयागराज में हाहाकार: घरों में 5-6 फीट पानी, नावों से निकाले गए लोग; थाना भी जलमग्न
प्रयागराज में भारी बारिश के कारण करेली और जार्जटाउन सहित कई इलाकों में भयंकर जलभराव हुआ। ससुर खदेरी नदी में उफान से घरों में 5-6 फीट पानी भर गया, जहां नावों से लोगों का रेस्क्यू किया गया। वहीं जार्जटाउन थाने के लगभग सभी कमरों में पानी भर जाने से पुलिस व्यवस्था और नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जबकि करेली क्षेत्र की गड्ढा कॉलोनी में ससुर खदेरी नदी के उफान और लगातार बारिश के कारण घरों में पांच से छह फीट तक पानी भर गया। हालात ऐसे हो गए कि लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ा। लगातार हो रही वर्षा ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बारिश का असर पुलिस महकमे पर भी दिखाई दिया। शहर के वीआईपी क्षेत्रों में शामिल जार्जटाउन थाना परिसर घुटनों तक पानी में डूब गया। थाना परिसर के लॉकअप, प्रभारी कक्ष, कंप्यूटर कक्ष समेत लगभग सभी हिस्सों में पानी भर गया। स्थिति यह रही कि पुलिसकर्मियों को जूते उतारकर नंगे पैर थाने के भीतर आवाजाही करनी पड़ी। जार्जटाउन थाने के सामने की सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थाने के दाहिनी ओर सोहबतियाबाग जाने वाली सड़क पर भी लंबे समय तक पानी जमा रहा। वहीं चौराहे से वन विभाग चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। कई स्थानों पर सड़क और नाले के बीच अंतर तक दिखाई नहीं दे रहा था।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मानसून सीजन में जार्जटाउन थाना पहली बार जलभराव की चपेट में नहीं आया है। इससे पहले भी दो बार थाना परिसर में पानी भर चुका है। सोमवार रात की बारिश के बाद तीसरी बार थाना जलमग्न होने से स्थानीय जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान क्षेत्र में इसी तरह की स्थिति बन जाती है और जल निकासी में काफी समय लग जाता है। उनका आरोप है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। शहर के प्रमुख और पॉश क्षेत्रों में स्थित जार्जटाउन थाना तथा आसपास के इलाकों में बार-बार होने वाला जलभराव नगर निगम और संबंधित विभागों की व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी दिनों में भी लोगों और पुलिसकर्मियों को इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Post Comment

Comment List

Latest News

मुख्य सचिव कार्यालय का नया नवाचार : उपहार में मिलीं 115 वस्तुओं की हो रही नीलामी मुख्य सचिव कार्यालय का नया नवाचार : उपहार में मिलीं 115 वस्तुओं की हो रही नीलामी
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को विभिन्न अवसरों पर मिले 115 उपहारों की नीलामी सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में की जा...
करोड़ों का खेल, मुनाफे का झांसा और खातों में रकम ट्रांसफर ; 4 साइबर ठग गिरफ्तार
शहर में शामिल, फिर भी गांव जैसे हालात
वायदा बाजार की नरमी का असर : चांदी हुई सस्ती और शुद्ध सोना महंगा, जानें क्या है भाव  
मूसलाधार बारिश से प्रयागराज में हाहाकार: घरों में 5-6 फीट पानी, नावों से निकाले गए लोग; थाना भी जलमग्न
नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में नवोदय विद्यालय का शिक्षक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत जांच शुरू
सावन महोत्सव में लहरिया के साथ डांडिया महारास की झलक, इंडिया ग्लैम मॉडल्स ने रैंप के जरिए लेटेस्ट फैशन ट्रेंड्स को किया प्रदर्शित