नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी पंजाब से गिरफ्तार: बालिका सकुशल बरामद, पुलिस जांच शुरू
सफलता: टिहरी पुलिस ने पंजाब से नाबालिग को किया सकुशल बरामद
उत्तराखंड की टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय लापता नाबालिग को पंजाब के मोगा से ढूंढ निकाला। पुलिस ने सीडीआर और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपी युद्धवीर सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। बालिका अब सुरक्षित है।
टिहरी। उत्तराखंड में टिहरी जनपद के घनसाली थाना क्षेत्र से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कल देर रात पंजाब के मोगा से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को शिकायतकर्ता द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी गई थी। इस पर थाना घनसाली में मुकदमा अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने बालिका के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल (सीडीआर) खंगाली, जिससे उसकी लोकेशन पंजाब के मोगा में पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने मोगा से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपी युद्धवीर सिंह पुत्र कुलविंदर सिंह निवासी चंद्रनगर, मोगा (पंजाब) को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला कारागार नई टिहरी भेज दिया गया। साथ ही आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

Comment List