लोकतंत्र की हल्दीघाटी बना रामलीला मैदान, अखिलेश ने भाजपा को दी विदाई की चेतावनी
भाजपा पर लगाया चुनाव लूटने का आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब निष्पक्ष तरीके से चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है। उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में धांधली के आरोप लगाए।
अखिलेश ने कहा कि रामलीला मैदान में विपक्ष की एकजुटता देखकर अब भाजपा समर्थक भी कहने लगे हैं कि उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख हिंदुओं के वोट कट गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल का चुनाव भी लूटा गया और उत्तर प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसी तरह की गड़बड़ियां हुई थीं। सपा की शिकायतों पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया।
उन्होंने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत करना जानते हैं तो विदाई भी शानदार तरीके से करते हैं। अखिलेश ने भाजपा पर भगवान राम के धनुष और चढ़ावे की चोरी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे लोग अब सत्ता से बाहर जाएंगे।

Comment List