केरल में शशि थरूर के काफिले पर हमला : गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट, घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी
संकरी सड़क के कारण जाम की स्थिति बन गई
केरल के वंडूर में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर शुक्रवार शाम हमला हुआ। चेलिथोडे पुल के पास जाम के दौरान 5 लोगों ने गाड़ी रोककर गनमैन और ड्राइवर से मारपीट की। थरूर सुरक्षित हैं और कार्यक्रम जारी रखे। पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया, बाकी की तलाश जारी है।
केरलम। केरल के वंडूर इलाके में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ है। घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे चेलिथोडे क्षेत्र में हुई, जब थरूर एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में संकरी सड़क के कारण जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस के अनुसार चेलिथोडे पुल के पास 2 वाहनों में सवार करीब 5 लोगों ने थरूर के काफिले को रोक लिया। इसी दौरान गनमैन ने आगे खड़ी गाड़ी हटाने के लिए कहा, जिस पर आरोपियों ने गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस बीच शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके सुरक्षाकर्मी सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने चिंता जताने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने बिना डरे अपने कार्यक्रम जारी रखे और निर्धारित सभी कार्यक्रम पूरे किए। गनमैन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान कर उनकी तलाश जारी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Comment List