पंजाब में बड़ा खुलासा: सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान पहुंच रही थीं गोपनीय सूचनाएं, 3 आरोपी गिरफ्तार
जासूसी गिरोह का भंडाफोड़
जालंधर। पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल सेल और थाना रामा मंडी पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों पर गैरकानूनी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने तथा पाकिस्तान स्थित व्यक्तियों को संवेदनशील सूचनाएं भेजने का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन खोसला, भारत वर्मा उर्फ सनी और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि ये लोग सोशल मीडिया और विभिन्न मोबाइल एप्लिकेशनों के माध्यम से सरकारी इमारतों और अन्य संवेदनशील स्थानों संबंधी जानकारी विदेश में बैठे शहजाद भट्टी और हमास गुज्जर को भेजते थे।
खुफिया सूचना के आधार पर स्पेशल सेल और थाना रामा मंडी की टीम ने 25 जून को नीति श्री फ्लैट्स के पास संयुक्त कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में थाना रामा मंडी में यूएपीए, ओल्फिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच एसीपी सेंट्रल द्वारा की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के दौरान राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Comment List