जम्मू-कश्मीर में BJP नेता पर FIR, सरकारी नौकरी और अमरनाथ यात्रा में टेंट लगाने की अनुमति के नाम पर 8.25 लाख ठगने का आरोप
बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनंतनाग ज़िला महासचिव आबिद नेगरू के ख़िलाफ़ धोखाधड़ी और जालसाज़ी का मामला दर्ज किया है। भाजपा नेता पर सरकारी नौकरी दिलाने और अमरनाथ यात्रा के दौरान पहलगाम में टेंट लगाने की अनुमति दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। अनंतनाग पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और जालसाज़ी के आरोपों वाली लिखित शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि उन्हें ऐशमुकाम के वहीद अहमद इत्तू से एक लिखित शिकायत मिली। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि बिजबेहरा के करंडीगाम निवासी आबिद नेगरू ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। शिकायतकर्ता अभी खानाबल के जीडीसी छात्रावास में रह रहा हैं। पुलिस के अनुसार शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को यह कहकर झांसे में लिया कि वह पुलिस विभाग में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के तौर पर सरकारी नौकरी दिला सकता है और अपनी राजनीतिक पहुंच का इस्तेमाल करके श्री अमरनाथ जी यात्रियों के लिए पहलगाम में टेंट लगाने की अनुमति भी दिला सकता है।
शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि इन आश्वासनों और बातों के आधार पर उनसे कुल 8,25,000 रुपये लिये गये। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अनंतनाग पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गयी है। अनंतनाग पुलिस ने दोहराया है कि सरकारी नौकरी या अन्य सरकारी लाभों के झूठे वादे करके लोगों के साथ धोखाधड़ी, जालसाज़ी या शोषण में शामिल पाये जाने वाले व्यक्तियों के ख़िलाफ़ सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comment List