"दोस्ती का खूनी अंत" रंग-रूप पर ताने और बहन को लेकर शक, बचपन के दोस्त ने कर दी हत्या
लोहे के फावड़े से सिर पर वार कर पानी में फेंका शव
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके बचपन के दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गिधौरी थाना क्षेत्र निवासी आदित्य टंडन (19) की हत्या के आरोप में किशन साहू (19) को गत 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। दोनों बचपन के दोस्त थे और साथ में मजदूरी करते थे। उनका एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। हालांकि, पिछले कुछ समय से आपसी विवाद और कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
पुलिस को गत 14 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित डैम के पानी में एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची गिधौरी पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान आदित्य टंडन के रूप में हुई। मृतक के सिर और माथे पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई गई। इसके बाद एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि गत 13 नवंबर की दोपहर आदित्य टंडन को किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। उस दौरान किशन के हाथ में फावड़े जैसा हथियार भी दिखाई दिया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने किशन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि आदित्य उसे उसके रंग-रूप को लेकर अक्सर अपमानित करता था तथा 'सूअर' और 'काला-कुरूप' कहकर चिढ़ाता था। इसके अलावा किशन को संदेह था कि आदित्य उसकी बहन पर गलत नीयत रखता है। इन्हीं बातों को लेकर उसके मन में आदित्य के प्रति नाराजगी और रंजिश थी।
पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते किशन ने आदित्य के सिर और चेहरे पर लोहे के फावड़े से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद उसने शव को नाला बांधा के पानी में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा बरामद कर लिया है। इसके साथ ही मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। एसडीओपी केके वासनिक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर गिधौरी पुलिस, एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी किशन साहू के विरुद्ध गिधौरी थाने में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया तथा उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

Comment List