सीआईके ने की एलईटी से जुड़े आतंकी मॉड्यूल जाँच में कश्मीर में दस स्थानों पर छापेमारी: कई अहम दस्तावेज जब्त, जांच जारी
आतंकी मॉड्यूल पर प्रहार
जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने लश्कर-ए-तैयबा के अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के लिए श्रीनगर, शोपियां और गांदरबल में छापेमारी की। बांग्लादेश में छिपे आतंकी शब्बीर अहमद लोन द्वारा संचालित इस नेटवर्क के डिजिटल साक्ष्य जुटाने के लिए यह कार्रवाई की गई। पाकिस्तान और बांग्लादेश से मिल रहे निर्देशों की जांच जारी है।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल की जांच के सिलसिले में कश्मीर घाटी में दस स्थानों पर छापे मारे है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि ये छापे श्रीनगर, शोपियां और गांदरबल ज़िलों में 10 स्थानों पर मारे गए है। यह कार्रवाई सीआईके पुलिस स्टेशन में दर्ज एक नए आतंकी जाँच मामले का हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि ये छापे एक अदालत से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद मारे गए। आखिरी रिपोर्ट मिलने के समय ये छापे जारी थे। जानकारी के अनुसार, गांदरबल ज़िले में छह जगहों पर, शोपियां ज़िले में तीन जगहों पर और श्रीनगर ज़िले में एक जगह पर तलाशी ली गई। यह कार्रवाई एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल से संबंधित है, जिसे कथित तौर पर शब्बीर अहमद लोन नाम का एक व्यक्ति चला रहा है। यह व्यक्ति लश्कर-ए-तैयबा का एक ऑपरेटिव है और मूल रूप से गांदरबल के कंगन इलाके का रहने वाला है , फिलहाल बांग्लादेश में रह रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इस मॉड्यूल को कथित तौर पर बांग्लादेश और पाकिस्तान से काम कर रहे आतंकी संगठन के हैंडलरों से निर्देश मिल रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि इन तलाशी अभियानों का मकसद आतंकी नेटवर्क से जुड़े सबूत इकट्ठा करना था, जिसमें डिजिटल उपकरण, दस्तावेज़ और अन्य सामग्री शामिल हैं। मामले में आगे की जाँच जारी है।

Comment List