कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी का काशी दौरा: नेताओं और कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान
बाबा विश्वनाथ, काल भैरव और संत रविदास मंदिर में दर्शन
वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं प्रयागराज जोन प्रभारी वरुण चौधरी रविवार को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। काशी पहुंचने पर चौधरी ने काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने संत रविदास मंदिर, सीर गोवर्धनपुर में दर्शन किए। उन्होंने लंका स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मुख्य द्वार पर छात्रों से संवाद भी किया।
वरूण चौधरी ने प्रयागराज जोन के अंतर्गत आने वाले मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, भदोही और वाराणसी के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें कीं। बैठकों में संगठन की स्थिति, बूथ स्तर पर मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठकों में पूर्व सांसद एवं विधायक, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी तथा वरिष्ठ कांग्रेसजन शामिल हुए। वरूण चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती कांग्रेस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रयागराज जोन के जिलों में संवाद का उद्देश्य संगठन की जमीनी स्थिति समझना और जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से सीधा फीडबैक लेना है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझाव और जमीनी अनुभव संगठन की आगामी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कांग्रेसजनों से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि श्री चौधरी के काशी आगमन और संगठनात्मक संवाद से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि वाराणसी समेत पूरे प्रयागराज जोन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया जाएगा।
वरूण चौधरी के दौरे के दौरान निर्धारित सभी कार्यक्रम संपन्न हुए। बैठकों से मिले फीडबैक और सुझावों के आधार पर प्रयागराज जोन में संगठन को और सक्रिय एवं मजबूत बनाने की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

Comment List