विदेश जाने की सनक : एयरपोर्ट पर CISF जवानों को धक्का देकर भागा युवक, सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा
सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर एयरपोर्ट में प्रवेश करने की कोशिश
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में उस समय हड़कंप हो गया, जब एक युवक बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन अंदर घुसने लगा। प्रवेश द्वार पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर भागने लगा। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने कुछ ही सेकंड में उसे दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल के रूप में हुई है। वह एथलीट है और पश्चिम बंगाल में प्रशिक्षण लेता है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि उसे हर हाल में विदेश जाना था। इसी सनक में उसने सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर एयरपोर्ट में प्रवेश करने की कोशिश की।
सीआईएसएफ के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे टर्मिनल-3 के प्रस्थान द्वार पर हुई। युवक के पास वैध टिकट और यात्रा दस्तावेज नहीं थे। इसके बावजूद उसने जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) मौके पर पहुंची और जवानों ने उसे पकड़ लिया। उसके बैग से पहचान पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्र मिले हैं। सीआईएसएफ ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किया है, जिसमें युवक सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर भागता नजर आ रहा है। बाद में उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीआईएसएफ की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक से पूछताछ की जा रही है कि उसने सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश क्यों की।

Comment List