''पैसों के लालच में बेटे-बहू बने हत्यारें'' खूनी बेटे ने सुनाई दिल दहला देने वाली कहानी, दोहरे हत्याकांड से गांव में पसरा मातम
खून से सनी हथौड़ी बरामद
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में घर के अंदर सो रही 60 वर्षीय मां और उसके 30 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने धारदार हथियार से दोनों का गला रेतने के साथ हथौड़ी से भी वार किए। बुधवार सुबह दोनों के शव कमरे में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान स्वर्गीय विश्वामित्र सिंह की पत्नी रामवती कुंवर और उनके छोटे बेटे सुनील कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को वहां से एक हथौड़ी भी बरामद हुई है।
मामले में मृतका के बड़े बेटे दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। दिनेश के हाथ पर चोट का निशान भी मिला है। दिनेश ने पुलिस को बताया कि रात करीब डेढ़ बजे आठ नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और मां-बेटे की हत्या कर दी। उसने दावा किया कि उन्हें बचाने की कोशिश में उसका हाथ घायल हुआ। हालांकि, पुलिस इस कहानी की सत्यता जांच रही है। मौके पर एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में मातम पसरा है।

Comment List