चुनाव आयोग ने बंगाल के 6 पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने के दिए निर्देश : आयोग ने तलब की रिपोर्ट, स्थानीय तत्वों से साठगांठ करने तथा सबको बराबरी का अवसर देने में विफल रहने का आरोप
ड्यूटी के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में निलंबन के निर्देश
आयोग ने सख्ती दिखाते हुए पश्चिम बंगाल के 6 पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। हिंगलगंज थाना प्रभारी पर पक्षपात और स्थानीय साठगांठ के आरोप लगे हैं। वहीं डायमंड हार्बर क्षेत्र के 5 अधिकारियों पर चुनाव ड्यूटी में लापरवाही पाई गई। आयोग ने तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई और नए अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश दिए हैं।
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी की रिपोर्ट पर राज्य पुलिस के 6 अधिकारियों को निलंबित कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक करवाई करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई रिपोर्ट भी तलब की है। आयोग के सचिव ने इस संबंध में बंगाल के मुख्य सचिव को 2 पत्र भेजे हैं। 23 अप्रैल को लिखे गए एक पत्र में हिंगलगंज थाने के थाना प्रभारी संदीप सरकार को निलंबित कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन पर भेदभाव और स्थानीय तत्वों से साठगांठ करने तथा सबको बराबरी का अवसर देने में विफल रहने का आरोप है।
आयोग ने इसी तरह डायमंड हार्बर जिला क्षेत्र के 5 अधिकारियों के खिलाफ भी चुनाव के दौर में ड्यूटी के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इन अधिकारियों में डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गराई, उप पुलिस अधीक्षक सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाने के प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फाल्टा थाने के प्रभारी अजय बाग और उस्ती पुलिस थाने की प्रभारी शुभेच्छा बाग शामिल हैं।

Comment List