फोन पर बातचीत बंद करने से भड़का युवक : युवती के घर तमंचा लेकर पहुंचा, गोली मारकर किया घायल
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में फोन पर बातचीत बंद करने से नाराज एक युवक द्वारा युवती को गोली मारकर घायल किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला अस्तबल तराई निवासी विशाल का पिछले लगभग एक वर्ष से पड़ोसी मोहल्ला बहादुरगंज की रहने वाली 18 वर्षीय युवती के यहां आना-जाना था और दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। बताया जा रहा है कि किसी कारणवश युवती ने कुछ समय पहले युवक से फोन पर बात करना बंद कर दिया था।
इसी बात से नाराज होकर आरोपी युवक गुरुवार रात करीब 9:45 बजे कथित तौर पर तमंचा लेकर युवती के घर पहुंच गया। उस समय युवती अपनी मां के साथ मकान की ऊपरी मंजिल की छत पर बैठी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती से गाली-गलौज करते हुए बातचीत बंद करने को लेकर नाराजगी जताई और कथित रूप से कहा कि वह उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा। इसके बाद उसने युवती पर फायर कर दिया। गोली युवती के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय, फर्रुखाबाद में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Comment List