मसूरी में मौत का मोड़ : ब्रेक फेल होने से खाई में समाई कार, 4 की गई जान
रेस्क्यू टीम ने महिला का शव खाई से निकाला
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद के मसूरी में देहरादून मार्ग पर एक वाहन बुधवार सुबह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में दो पुरुष और दो महिला यात्री सवार थे। चारों की मौत होने की सूचना है। अभी तक एक शव निकाला जा चुका है। ये उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, हरियाणा के सोनीपत और दिल्ली के निवासी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि आज 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सुबह 09:16 बजे थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि झड़ीपानी रोड चौकी बार्लोगंज मसूरी क्षेत्र में तीव्र ढलान में एक छोटी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई हैं। उक्त सूचना पर कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरएफ, फायर सर्विस तथा।08 एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मौके से रेस्क्यू टीमो द्वारा अभी तक एक महिला का शव खाई से निकाल लिया गया है।
डोभाल ने बताया कि मौके पर स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि एक मारुति सिलेरियो कार संख्या डीएल 5 सीएस 4610 रोड की ढलान पर संभवत: ब्रेक फेल होने की वजह से तेजी से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। उससे पूर्व उनके द्वारा नजदीक की दुकान पर कुछ सामान खरीदा गया था और बातचीत में उत्तरकाशी से आना बताया था। सामान लेकर जैसे ही वे कार में बैठे तो कार ढलान की तरफ सड़क पर तेजी से जाने लगी और फिर खाली प्लाट से होते हुए गहरी खाई में गिर गई।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया तेज ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो जाने के कारण कार का अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरना स्पष्ट हुआ हैं। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी मसूरी द्वारा स्वयं मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यो का जायजा लेते हुए रेस्क्यू टीमो का आवश्यक निर्देश दिए जा रहे है। घटना के संबंध में कार सवार व्यक्तियों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Comment List