सरकार की लोगों से अपील : जहां संभव हो PNG कनेक्शन लें, रसोई गैस सिलेंडर की घबराहट में नहीं करें बुकिंग; देश में गैस और पेट्रोल-डीजल का पयाप्त भंडार
सिलेंडरों की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
सरकार ने लोगों से रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल को लेकर घबराने की जरूरत नहीं बताई है। अधिकारियों के अनुसार देश में इनका पर्याप्त भंडार मौजूद है। घबराहट के कारण रोजाना 50 लाख की जगह 75 लाख सिलेंडर बुक हो रहे हैं। सरकार ने जमाखोरी पर सख्ती की चेतावनी दी है और पीएनजी कनेक्शन लेने की भी अपील की है।
नई दिल्ली। सरकार ने शुक्रवार को एक बार फिर देशवासियों से अपील की कि वे रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराहट में नहीं आएं क्योंकि देश में इनका पर्याप्त भंडार है। साथ ही कहा कि जो लोग अभी सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनके आसपास पाइप से आपूर्ति की जाने वाली पीएनजी की लाइन है वे शीघ्र इसके कनेक्शन के लिए आवेदन करें। सिलेंडर बुकिंग को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा गया है कि वे तेल वितरण कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट से ही सिलेंडर की बुकिंग करें क्योंकि कुछ डिजिटल स्कैमर इस स्थिति का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
सिलेंडरों की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और राज्यों से सिलेंडर आपूर्ति की निगरानी करने को कहा गया है। वैकल्पिक ईंधन के रूप में केरोसिन के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए भी उचित कदम उठाए गए हैं। सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशियाई देशों से उडानों के संचालन में निरंतर सुधार हो रहा है और वहां से अब तक डेढ लाख भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं।
हड़बड़ी में बढ़ी बुकिंग
पेट्रोलिय मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में रसोई गैस और पेट्रोल डीजल पर्याप्त मात्रा में है। पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल डीजल की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हर रोज की औसतन पचास लाख सिलेंडर की बुकिंग की तुलना में हड़बड़ी के कारण अभी 75 लाख सिलेंडर की बुकिंग हो रही है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस तरह की हड़बड़ी न करें और जिन लोगों के आसपास पाइप से आपूर्ति की जाने वाली पीएनजी की लाइन उपलब्ध है वे शीघ्र इसके कनेक्शन के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि देश में पीएनजी की कोई कमी नहीं है और 60 लाख परिवार तुरंत पीएनजी पर ‘शिफ्ट’ हो सकते हैं।

Comment List