भिंड में दिल दहला देने वाला हादसा: गुटखा थूकने के लिए खोला कार का दरवाजा, मासूम सड़क पर गिरा, पहिए से कुचलकर मौत
दुर्घटना में शामिल कार भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा की बताई जा रही
भिण्ड। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर एक कार के दरवाजे से टकराकर सड़क पर गिरे चार वर्षीय बालक की कार के पहिए की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार भिण्ड देहात थाना क्षेत्र के कनकूरा गांव के पास कल शाम चार वर्षीय देवांश यादव अपने दादा सुनील यादव के साथ मोटरसाइकिल से भिण्ड बाजार जा रहा था। कुंवारी नदी पुल के समीप उनकी मोटरसाइकिल एक ब्रेजा कार को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान कार का दरवाजा खुलने से मोटरसाइकिल उससे टकरा गई। टक्कर के बाद देवांश सड़क पर गिर गया और कार के पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सुनील यादव घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल भिण्ड में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक चलते वाहन में गुटखा थूकने के लिए दरवाजा खोल रहा था, जिसके कारण मोटरसाइकिल सीधे दरवाजे से टकरा गई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा की बताई जा रही है। घटना के समय कार चालक वाहन चला रहा था। देवांश के पिता दुर्गेश यादव ट्रक चालक हैं और परिजनों के अनुसार देवांश उनका इकलौता पुत्र था।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर फूप और भिण्ड देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान हाईवे पर लगभग आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में खुलवा दिया गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। पुलिस ने बताया कि देवांश के ताऊ की शिकायत पर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comment List