पीओके से भारत आया घुसपैठिया : लोगों ने पकड़कर सेना को सौंपा, कश्मीर में 2 हफ्तों में दूसरी बार घुसपैठ
घुसपैठिए से सेना कर रही पूछताछ
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओके) के 19 वर्षीय एक युवक को पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम मुजफ़्फऱाबाद के रहने वाले इस घुसपैठिए की पहचान असद खान के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि इस तरफ़ आने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे देखा और बाद में सेना के जवानों को सौंप दिया।
अधिकारियों ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। पिछले दो हफ़्तों में कश्मीर में एलओसी के पास पीओके से आया यह दूसरा घुसपैठिया है, जिसे हिरासत में लिया गया है। इससे पहले पीओके के 22 वर्षीय निवासी जीशान अहमद को एक जून को बारामूला जिले के उरी सेक्टर में घुसने के बाद हिरासत में लिया गया था। आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर हुई बातचीत के बाद किसी के प्यार में पड़कर यहां आया था। उसे बारामूला जिले के उरी सेक्टर में एलओसी के पास बसे सीमावर्ती गांव सिलिकोट के पास हिरासत में लिया गया था।

Comment List