जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर खड़गे और राहुल ने दी श्रद्धांजलि, कहा- उनकी स्थायी विरासत भारत की आत्मा का करती है मार्गदर्शन
एकता और शांति के मूल्यों को कायम रखा
प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शांतिवन पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। खड़गे ने नेहरू को हिंद के जवाहर बताते हुए उनकी लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच की विरासत को स्मरण किया। राहुल गांधी ने नेहरू को आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाला दूरदर्शी नेता बताया।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उनकी समाधि स्थल शांतिवन में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर खड़गे ने कहा कि पंडित नेहरू की स्थायी विरासत आज भी भारत की आत्मा का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि नेहरू ने अपना जीवन स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच के आदर्शों को समर्पित किया। उनका दूरदर्शी नेतृत्व आज भी देश की सामूहिक चेतना को प्रेरित करता है और समावेशी एवं प्रगतिशील राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत बनाता है। खड़गे ने नेहरू को हिंद के जवाहर बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर सत्य, एकता और शांति के मूल्यों को कायम रखा और देश को नई दिशा दी।
वहीं, गांधी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी और एक समावेशी, सौहार्दपूर्ण एवं प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक सिद्धांतों, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित नेहरू का दूरदर्शी नेतृत्व सदैव देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।

Comment List