लोकसभा में विपक्ष का भारी हंगामा: प्रश्नकाल बाधित, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
मर्यादा बनाये रखना सबकी जिम्मेदारी
नई दिल्ली। लोकसभा में सोमवार को विपक्ष के भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन की कार्यवाही शरू होते हुए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली मीराबाई चानू समेत अन्य खिलाड़ियो को बधाई देने के बाद प्रश्नकाल शुरू कराने की कोशिश की लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। विपक्ष की ओर से कहा गया कि छात्रों के आंदोलन के दौरान जिस प्रकार की कार्रवाई की गयी उसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
अध्यक्ष सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते रहे। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल के अंदर कोई भी मुद्दे नहीं उठाये जायेंगे ऐसी व्यवस्था की गयी है। प्रश्नकाल महत्वपूर्ण होता है क्योंकि इसमें सरकार की जवाबदेही होती है। उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा बनाये रखना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा को जो समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। सदन में तख्तियां लेकर आना सही नहीं है। अध्यक्ष के बार बार आग्रह के बाद भी हंगामा नहीं थमा तब उन्होंने सदन की कार्यवाही बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

Comment List