बंगाल में पुलिस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल : चुनाव आयोग ने किया अधिकारियों का तबादला, हाल के वर्षों में सबसे व्यापक फेरबदल
नए अधिकारियों की नियुक्ति की
विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। आईजी, पुलिस आयुक्त समेत 6 वरिष्ठ अधिकारी, 1 डीएम और 12 एसपी बदले गए। दक्षिण में डॉ. राजेश सिंह, उत्तर में के. जयरामन बने आईजी। हावड़ा, बैरकपुर सहित कई शहरों में नए आयुक्त नियुक्त, चुनावी तैयारियां तेज।
कोलकाता। चुनाव आयोग ने 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले चुनावी तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल में वरिष्ठ एवं जिला स्तर के पुलिस अधिकारियों का एक और बड़ा फेरबदल किया है। आधिकारिक आदेशों के अनुसार आयोग ने महानिरीक्षक (आईजी) और पुलिस आयुक्त रैंक के कुल छह अधिकारियों, एक जिलाधिकारी और 12 पुलिस अधीक्षकों का तबादला कर दिया है। यह चुनाव के दौरान हाल के वर्षों में किए गए सबसे व्यापक पुलिस फेरबदल में से एक है। इससे पहले चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के तुरंत बाद आयोग ने मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को हटा दिया गया था। इसके अगले ही दिन आयोग ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पीयूष पांडे और कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार का भी तबादला कर दिया था। इस नए फेरबदल में आयोग ने दक्षिण बंगाल के आईजी और उत्तर बंगाल के आईजी का तबादला कर दिया है।
राजीव मिश्रा के स्थान पर डॉ. राजेश कुमार सिंह को दक्षिण बंगाल का आईजी नियुक्त किया गया है, जबकि सुकेश कुमार जैन को उत्तर बंगाल के पद से हटाकर उनके स्थान पर के. जयरामन को आईजी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही आसनसोल-दुर्गापुर, हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर के पुलिस आयुक्तों का तबादला कर दिया गया है और उनके स्थान पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। आयुक्तों के फेरबदल में आसनसोल-दुर्गापुर में सुनील कुमार चौधरी की जगह डॉ. प्रणव कुमार को आयुक्त नियुक्त किया गया है।
हावड़ा में आकाश मघारिया की जगह अखिलेश कुमार चतुर्वेदी ने ली है। बैरकपुर के पुलिस आयुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी की जगह अमित कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है, जबकि चंदननगर में कोटेश्वर राव के स्थान पर सुनील कुमार यादव को नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ स्तर पर फेरबदल के साथ-साथ आयोग ने 13 एसपी-रैंक के अधिकारियों का भी तबादला किया है। उत्तर बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में, बारासात में प्रियव्रत रॉय की जगह पुष्पा को एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि कूच बिहार में संदीप कर्रा की जगह जसप्रीत सिंह ने ली है।

Comment List