नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया को मिला नया नेतृत्व, सभी पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध चुने गए
पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग
नई दिल्ली। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) से संबद्ध नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (एनयूजेआई) के द्विवार्षिक चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार राकेश थपलियाल (दिल्ली) को अध्यक्ष और राकेश शर्मा (जयपुर) को महासचिव निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। संगठन के सभी पदाधिकारी तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी निर्विरोध चुने गए हैं। एनयूजेआई के चुनाव अधिकारी अशोक किंकर ने संगठन के यहां स्थित मुख्यालय 7 जंतर मंतर रोड में चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि नामांकन वापसी के बाद उपाध्यक्ष पद पर सिलवेरी श्रीशैलम (तेलंगाना), प्रशांत चक्रवर्ती (त्रिपुरा), राजीव नयनम (झारखंड), डॉ. रणेश राणा (हिमाचल प्रदेश) और अरविंद सिंह (उत्तर प्रदेश) निर्विरोध निर्वाचित हुए। सचिव पद पर अयान मुखर्जी (पश्चिम बंगाल), मयूख गोस्वामी (असम) और अनिता चौधरी (दिल्ली) चुनी गईं, जबकि उत्तराखंड के आर. सी. कन्नौजिया को कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। इस मौके पर मुख्य चुनाव अधिकारी दधिबल यादव भी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तर प्रदेश के वीरेन्द्र कुमार सक्सेना, प्रमोद गोस्वामी और कमलकांत उपमन्यु, दिल्ली के मनोज वर्मा, मनोहर सिंह, सीमा किरण, प्रतिभा शुक्ल, उषा पाहवा, सचिन बुधौलिया, सगीर अहमद और डॉ. अशोक बर्थवाल, तेलंगाना की इन्द्राणी सरकार और टी. वेंकट रमाना, केरल के प्रेम जॉन, ओडिशा के अक्षौय साहू, प्रमोद कुमार सामंतराय और कंबुपानी मिश्रा, हिमाचल प्रदेश के गोपाल दत्त शर्मा, असम के भूपेन गोस्वामी तथा पश्चिम बंगाल के दीपक राय और सोमेश्वर बोराल निर्विरोध निर्वाचित हुए। एनयूजेआई के निवर्तमान अध्यक्ष रास बिहारी ने बताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य 19 और 20 सितंबर, 2026 को जयपुर में आयोजित महाधिवेशन में कार्यभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि इस महाधिवेशन में देशभर से दो हजार से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है, जहां मीडिया जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने कहा कि एनयूजेआई लंबे समय से पत्रकार सुरक्षा कानून, मीडिया काउंसिल और मीडिया आयोग के गठन की मांग करता रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में पत्रकारों पर बढ़ते हमलों को देखते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाया जाना समय की आवश्यकता है।

Comment List