बहुड़ा यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु की मौत, नवीन पटनायक ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार
रथ यात्रा के दौरान क्यों होते हैं ऐसे हादसे
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को बहुड़ा यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु की मौत और कई अन्य के घायल होने के बाद पुरी में वार्षिक रथ यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन में बार-बार विफल रहने के लिए ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पटनायक ने कहा कि वह इस त्रासदी से "गहरे दुखी और व्यथित" हैं। इस भगदड़ में एक श्रद्धालु की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
विश्व प्रसिद्ध उत्सव को लेकर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए पटनायक ने पूछा कि बार-बार चेतावनी और पिछले अनुभवों के बावजूद हर साल रथ यात्रा के दौरान ऐसे हादसे क्यों होते रहते हैं। उन्होंने कहा, "यह बहुत परेशान करने वाला है कि सरकार महाप्रभु के इस पवित्र नौ दिनों के त्योहार को सुरक्षित तरीके से पूरा कराने पर बिल्कुल ध्यान देती नजर नहीं आ रही है।" पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछली गलतियों से सबक सीखने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिसके नतीजे के तौर पर इस वार्षिक उत्सव के दौरान बार-बार ऐसी दुखद घटनाएं हो रही हैं।
पटनायक ने कहा,"हर वर्ष रथ यात्रा के दौरान एक के बाद एक हादसे हो रहे हैं। श्रद्धालु अपनी जान गंवा रहे हैं, ओडिशा की छवि खराब हो रही है, लेकिन सरकार के रवैये में कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आ रहा है। बीजद प्रमुख ने आरोप लगाया कि व्यवस्था की कमियों को दूर करने के बजाय सरकार अस्थायी और तदर्थ उपायों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा, आखिर और कितने हादसों के बाद सरकार जागेगी। जब साल-दर-साल ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इससे कोई सबक नहीं लिया जा रहा है। पटनायक ने राज्य सरकार से अपील की कि वह 'सुना बेशा' और 'नीलाद्रि बीजे' सहित उत्सव के बाकी रीति-रिवाजों के दौरान सभी जरूरी एहतियात बरते, ताकि ये कार्यक्रम बिना किसी हादसे के शांतिपूर्वक संपन्न हो सकें। उन्होंने कहा, महाप्रभु के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित अपने घर लौटें और अब किसी और की जान न जाए।

Comment List