NEET 2026 पेपर लीक : CBI चार्जशीट में बड़ा खुलासा, NTA के 3 विशेषज्ञों ने किया था पेपर लीक!
सवालों को याद कर परीक्षा से पहले किया लीक
नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में 94 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में दावा किया गया है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के तीन विषय विशेषज्ञों ने प्रश्नपत्र तैयार करने और मॉडरेशन की प्रक्रिया के दौरान सवालों को याद कर उन्हें परीक्षा से पहले लीक किया।
CBI के अनुसार, आरोपी विशेषज्ञ पीवी कुलकर्णी, मनीषा मंधारे और मनीषा हवलदार ने आसान प्रश्नों को याद रखने के साथ-साथ कुछ सवाल पर्चियों पर लिखे और संबंधित NCERT पैराग्राफ भी चिह्नित किए। जांच एजेंसी का आरोप है कि ये विशेषज्ञ NTA कार्यालय से होटल लौटने के बाद याद किए गए प्रश्नों को दोबारा लिखते थे और फिर उन्हें बिचौलियों तथा कोचिंग नेटवर्क के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचाया जाता था। लीक सामग्री टेलीग्राम, व्हाट्सएप, PDF और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी साझा की गई।
चार्जशीट में कहा गया है कि NTA के गोपनीय अनुभाग में विशेषज्ञों की तलाशी लेने की व्यवस्था नहीं थी, जिसका आरोपियों ने फायदा उठाया। CBI के मुताबिक, पीवी कुलकर्णी ने 31 मार्च से 2 अप्रैल 2026 के बीच तीन दिनों में तीन सेटों के कुल 135 प्रश्नों का बैक-ट्रांसलेशन तैयार किया। एजेंसी ने इस मामले में कुल 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर उन्हें पेपर लीक की साजिश का हिस्सा बताया है।

Comment List