पायलट को हुई गलतफहमी : बड़ा हादसा टला, कार पार्किंग में उतरा भुजबल का हेलिकॉप्टर
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
खाद्य मंत्री छगन भुजबल बाल-बाल बचे, जब उनका हेलिकॉप्टर तय हेलीपैड की बजाय पुरंदर के खानवड़ी में कार पार्किंग में उतर गया। पायलट की इस चूक से अफरातफरी मच गई। महात्मा फुले जयंती कार्यक्रम में जा रहे भुजबल सुरक्षित रहे। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश देकर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों को गंभीरता से लिया है।
पुणे। महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल शनिवार को उस समय बाल-बाल बच गए, जब उनके हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान बड़ी गलती सामने आई। पुरंदर के खानवड़ी क्षेत्र में पायलट की गलती के कारण हेलिकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड के बजाय कार पार्किंंग स्थल पर उतर गया। भुजबल को महात्मा फुले की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचना था। प्रशासन द्वारा अलग से अधिकृत हेलीपैड तैयार किया गया था, लेकिन पायलट ने पास के खुले स्थान (पार्किंंग क्षेत्र) को ही लैंडिंग स्थल समझ लिया। अचानक हुई इस लैंडिंग से मौके पर मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गई।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
हाल के वर्षों में वीआईपी से जुड़े विमान हादसों की पृष्ठभूमि में इस घटना ने सुरक्षा और समन्वय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या मानवीय त्रुटि के चलते।

Comment List