पीएम मोदी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दी बधाई : राज्य की प्रगति के लिए दीं शुभकामनाएं , कहा-प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में होंगे सफल
पीएम मोदी की बधाई: 'सम्राट के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाई छुएगा बिहार'
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को शपथ ग्रहण पर हार्दिक बधाई दी है। पीएम ने उनके जमीनी अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में राज्य चौतरफा विकास करेगा और जनता की आकांक्षाओं को सफलतापूर्वक पूरा करेगा।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी को राज्य का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि सम्राट चौधरी अपने अनुभव और जन सेवा के प्रति समर्पण के साथ प्रदेश को विकास की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाने में सफल होंगे। पीएम मोदी ने अपने बधाई और शुभकामना संदेश में कहा, "बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं! उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।" उल्लेखनीय है कि जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद बुधवार को भाजपा के सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में नये मंत्रिमंडल को पटना में शपथ दिलायी गयी। सम्राट चौधरी नीतीश सरकार में उप मुख्यमंत्री थे।

Comment List