वायनाड हादसे पर प्रियंका गांधी का बयान, पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है कांग्रेस
राहत कार्यों में यूडीएफ कार्यकर्ताओं से मांगी मदद
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल में हुए भूस्खलन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रियंका वाड्रा ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन खुद राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), (एसडीआरएफ) की टीमें और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, राज्य सरकार के मंत्री और स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों, संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। श्रीमती वाड्रा ने हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अभी भी लापता लोगों के सकुशल मिलने की कामना करते हुए उनके परिजनों को धैर्य और साहस बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग दें। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि राहत एवं बचाव अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी लोग बिना किसी व्यवधान के पीड़ितों तक सहायता पहुंचाने में सहयोग करें। ग़ौरतलब है कि वायनाड में भारी बारिश के बाद सुरंग निर्माण स्थल के पास भूस्खलन हुआ। जिसमें कई श्रमिकों और पर्यटकों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

Comment List