पंजाब सरकार ने जारी किए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए 1,583 करोड़ रुपये, कांग्रेस का मुफ्त पानी को लेकर प्रदर्शन
चंडीगढ़ नगर निगम सदन में पानी की गुणवत्ता पर हंगामा
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजनाओं को मजबूत करने के लिए अब तक 1,583 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सोमवार को बताया कि इस राशि से राज्य के बुजुर्गों, विधवाओं, निराश्रित महिलाओं, अनाथ एवं आश्रित बच्चों तथा दिव्यांगजनों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सामाजिक सुरक्षा केवल एक बजटीय प्रावधान नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन की गारंटी है।
डॉ कौर ने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजनाओं के तहत रिकॉर्ड 6,131.91 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे राज्य के लगभग 36 लाख लाभार्थियों को नियमित वित्तीय सहायता मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 1,048 करोड़ रुपये वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा 535 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विधवाओं, निराश्रित महिलाओं, अनाथ एवं आश्रित बच्चों तथा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जारी की गयी है।
डॉ. कौर ने कहा कि विभाग ने योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी देरी के आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एक ऐसा समावेशी और संवेदनशील पंजाब बनाना है, जहां समाज के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक संबल प्राप्त हो।

Comment List