प्रयागराज में राहुल का ‘छात्र कनेक्ट’ : बेरोजगारी-पेपर लीक से लेकर लाठीचार्ज तक उठेंगे सवाल, युवाओं के मुद्दे पर सराकर से आर-पार
छात्रों के लिए रात के भोजन का भी इंतजाम
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार शाम छात्रों के बीच बेरोजगारी, पेपर लीक और लाठीचार्ज समेत शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधेंगे। गांधी यहां केपी कॉलेज ग्राउंड में शाम 6 बजे से रात साढ़े 8 बजे तक आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे और प्रयागराज समेत 23 जिलों के छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कांग्रेस के अनुसार, यह कार्यक्रम देशभर में चलाए जा रहे छात्र संपर्क अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही मांगना है।
कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए दो लाख से अधिक छात्रों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण कराया है। हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के लिए करीब 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में 140 मीटर लंबा और 70 मीटर चौड़ा जर्मन हैंगर तकनीक से वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में मुख्य मंच बनाया गया है। मंच के पीछे और आसपास बड़ी एलईडी वीडियो वॉल लगाई गई है।
पंडाल के पिछले हिस्से में वीआईपी लाउंज बनाया गया है, जहां वीआईपी मेहमानों के लिए आठ स्टॉल तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम में पहुंचने वाले छात्रों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था की गई है, जबकि कुछ छात्रों के लिए रात के भोजन का भी इंतजाम किया गया है। छात्रों की सुविधा के लिए नि:शुल्क ई-रिक्शा सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम स्थल पर राहुल गांधी के आवागमन के लिए विशेष कॉरिडोर बनाया गया है। इसी कॉरिडोर के माध्यम से वह छात्रों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करेंगे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम की तैयारियों पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और राहुल गांधी के प्रवेश के दौरान आतिशबाजी की भी तैयारी की गई है। कैटङ्क्षरग की जिम्मेदारी दिल्ली की एक कंपनी को सौंपी गई है।
राहुल गांधी प्रयागराज में करीब आठ घंटे रहेंगे। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में तीन आईपीएस अधिकारी, तीन अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), आठ सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), करीब एक हजार पुलिसकर्मी, डेढ़ कंपनी पीएसी, पांच क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और नौ रिजर्व पार्टियां तैनात की गई हैं। बमरौली एयरपोर्ट से आनंद भवन और वहां से केपी कॉलेज ग्राउंड तक राहुल गांधी के पूरे निर्धारित मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।

Comment List