आरबीआई ने रद्द किया पेटीएम का लाइसेंस : कंपनी ने दी सफाई, कहा- पहले की तरह जारी रहेंगी सेवाएं
कंपनी का कोई प्रत्यक्ष संचालन या महत्वपूर्ण व्यावसायिक संबंध नहीं
RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक (PPBL) का लाइसेंस रद्द कर दिया है। कंपनी ने सफाई देते हुए कहा कि इसका उसके मुख्य कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पेटीएम ने PPBL को स्वतंत्र इकाई बताते हुए दूरी बनाई। ऐप, UPI, QR, साउंडबॉक्स और मर्चेंट सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। RBI ने नियमों के उल्लंघन का हवाला दिया।
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। इसके बाद बाद पेटीएम ने सफाई दी है। कंपनी ने कहा कि इस नियामकीय कार्रवाई का उसके मुख्य कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पेटीएम के अनुसार, PPBL एक स्वतंत्र इकाई है और उसके साथ कंपनी का कोई प्रत्यक्ष संचालन या महत्वपूर्ण व्यावसायिक संबंध नहीं है।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह PPBL के साथ मिलकर कोई सेवा नहीं चला रही है और न ही उसके बोर्ड या प्रबंधन में उसकी कोई भूमिका है। पेटीएम ने भरोसा दिलाया कि ऐप, UPI, QR कोड, साउंडबॉक्स, कार्ड मशीन और मर्चेंट सेवाएं पहले की तरह निर्बाध जारी रहेंगी। गौरतलब है कि RBI ने 24 अप्रैल को PPBL का लाइसेंस रद्द करते हुए कहा था कि बैंक जमाकर्ताओं के हितों के विपरीत काम कर रहा था और नियामकीय शर्तों का पालन करने में विफल रहा।

Comment List