तेजस्वी यादव का महंगाई पर केंद्र सरकार पर हमला, बोले- खाद्य पदार्थों से गैस तक बढ़ी कीमतों ने बिगाड़ा आम लोगों का बजट
खाद्य तेल, दाल और सब्जियों के बढ़ते दामों ने बिगाड़ा आम परिवारों का बजट
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, बिजली और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आम लोगों, किसानों और मध्यम वर्ग पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। यादव ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि महंगाई देश की गंभीर समस्याओं में शामिल हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के घरेलू बजट पर असर पड़ा है तथा रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने रसोई गैस की कीमतों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना को लेकर बड़े दावे किए थे, लेकिन अब जरूरत इस बात की है कि गांव-गांव जाकर योजना की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि महंगी रसोई गैस के कारण कई गरीब परिवारों के लिए इसका नियमित उपयोग चुनौती बन गया है।
यादव ने कहा कि वर्ष 2014 में रसोई गैस की कीमतों के मुद्दे पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किए थे, लेकिन आज कीमतों में वृद्धि के बाद सरकार को आम लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। राजद नेता ने कहा कि खाद्य तेल, दाल, चीनी, आलू, प्याज और टमाटर जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम परिवारों के खर्च पर पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी से राहत दिलाने के मुद्दे पर उनकी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी।

Comment List