ओडिशा में पाठ्यपुस्तक विवाद गरमाया, कांग्रेस-बीजद ने शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड का मांगा इस्तीफा
कांग्रेस ने दिया सात दिन का अल्टीमेटम
भुवनेश्वर। दिल्ली में जंतर मंतर और देश में अन्य स्थानों पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दबाव में धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफे के बाद अब ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) तथा कांग्रेस ने विद्यालयों की पाठ्यपुस्तकों में व्यापक गड़बड़ियों को लेकर राज्य के विद्यालय एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने चेतावनी दी है कि यदि मंत्री सात दिनों के भीतर पद से हटने में विफल रहते हैं तो पार्टी ओडिशा बंद का आह्वान करेगी। एनईपी-2020 पाठ्यक्रम के तहत कक्षा एक से आठ तक की नयी पाठ्यपुस्तकों में कई गंभीर तथ्यगत त्रुटियां, गलत अनुवाद, भौगोलिक गलतियां, वैज्ञानिक त्रुटियां और अनुचित चित्र पाये जाने के बाद पाठ्यपुस्तक विवाद गहरा गया।
दास ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अनिवार्य प्रक्रियाओं को दरकिनार कर चरणबद्ध अनुमोदन के बिना पाठ्यक्रम में संशोधन कर और दबाव में महज छह महीने के भीतर किताबों की छपाई कराकर शिक्षा नीति के साथ खिलवाड़ किया है और विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता किया है, जबकि एनसीईआरटी एक कठिन समीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से किताबों को तैयार करने में तीन-चार वर्ष का समय लेती है। दास ने जेन जी छात्र आंदोलन को पूरा समर्थन देने की घोषणा करते हुए इसे देश का सबसे बड़ा छात्र-नेतृत्व वाला आंदोलन बताया, जो अब विशाल जन आंदोलन बन चुका है। यह कहते हुए कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और जनता का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है, उन्होंने सवाल किया, "यदि प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है, तो राज्य के विद्यालय एवं जन शिक्षा मंत्री को ऐसा करने से क्या रोक रहा है?"
उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य से कोई समझौता नहीं होने देगी और यदि गोंड इस्तीफा नहीं देते हैं तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि सरकार की तैयार की गयी पाठ्यपुस्तकों में व्यापक गड़बड़ियों ने राज्य की शिक्षा प्रणाली में जनता के विश्वास को तोड़ दिया है। प्रधान के इस्तीफ़े का हवाला देते हुए पटनायक ने जोर देकर कहा कि गोंड को भी तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजद पिछले तीन हफ्तों से इस मुद्दे पर मंत्री को हटाने की मांग कर रही है।

Comment List