गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा, आठवीं मंजिल से गिरने के बाद 77 वर्षीय बुजुर्ग ने मौके पर तोड़ा दम
मामले की जांच शुरू
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडीपी ग्रैंड सवाना सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे में 77 वर्षीय बुजुर्ग की गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। नंदग्राम सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने शुक्रवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, गुरुवार को करीब दस बजे नंदग्राम थाना पर सूचना प्राप्त हुई कि केडीपी ग्रैंड सवाना सोसाइटी में एक व्यक्ति गिर गया है और उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां अशोक घई पुत्र स्वर्गीय रोशन लाल, उम्र करीब 77 वर्ष, मृत अवस्था में मिले।
पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि अशोक घई अपने परिवार के साथ सोसाइटी की आठवीं मंजिल पर रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह आठवीं मंजिल से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

Comment List