लगातार दो दिनों की तेजी के बाद एक बार शेयर बाजारों में गिरावट: सेंसेक्स 1,690 अंक लुढ़का, निवेशकों को 10 लाख करोड़ स्वाहा
शेयर बाजार में हाहाकार
विदेशी बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने दलाल स्ट्रीट में कोहराम मचा दिया। शुक्रवार को सेंसेक्स 1,690 अंक टूटकर 73,583 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 22,819 के स्तर पर आ गया। रिलायंस और बैंकिंग शेयरों में चौतरफा बिकवाली से निवेशकों को भारी चपत लगी और बाजार में निवेश धारणा प्रभावित हुई।
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में दो दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को फिर गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 1,690.23 अंक (2.25 प्रतिशत) टूटकर 73,583.22 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत नीचे 22,819.60 अंक पर बंद हुआ। विदेशों से मिले नकारात्म संकेतों के कारण आज शुरू से ही बाजार पर दबाव रहा। डॉलर की तुलना में रुपये के कमजोर पड़ने से निवेश धारणा और प्रभावित हुई। फिलहाल रुपया 94.70 रुपये प्रति डॉलर पर है। पिछले कारोबारी दिवस पर 93.96 रुपये प्रति डॉलर पर बंद होने वाली भारतीय मुद्रा बीच कारोबार में 94.85 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गयी थी।
चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों पर भी दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.13 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.74 प्रतिशत उतर गया। सभी सेक्टर लाल निशान में बंद हुए। सुबह बढ़त में रहने वाला आईटी सूचकांक भी अंत में गिर गया। बैंकिंग, रियलटी, ऑटो, रसायन, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, वित्त, एफएमसीजी, धातु, तेल एवं गैस और फार्मा सेक्टरों में अधिक दबाव देखा गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंडिगो के शेयर साढ़े चार प्रतिशत से अधिक टूटे। बजाज फाइनेंस में भी सवा चार फीसदी की गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक, इटरनल और एचडीएफसी बैंक के शेयर तीन से चार प्रतिशत तक नीचे बंद हुए। बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनीलिवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स, एलएंडटी, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, बीईएल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर दो से तीन प्रतिशत तक फिसल गये। टाटा स्टील, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा और अल्ट्राटेक सीमेंट में एक से दो प्रतिशत तक की गिरावट रही। इंफोसिस, एनटीपीसी और आईटीसी से शेयर भी लाल निशान में रहे। टीसीएस और भारती एयरटेल के शेयर बढ़त में बंद हुए।

Comment List