विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार लाल निशान में बंद : बैंकिंग-आईटी शेयरों में दबाव, इन शेयरों में दिखा एक्शन
डॉलर की तुलना में रुपये में 40 पैसे से ज्यादा की गिरावट
विदेशी बाजारों के नकारात्मक संकेतों और रुपये की गिरावट के कारण शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 416 अंक गिरकर 76,886 पर रहा, जबकि निफ्टी 24,000 के नीचे फिसला। बैंकिंग और आईटी शेयरों में भारी बिकवाली दिखी, हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी से कुछ राहत मिली।
मुंबई। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बैंकिंग और आईटी सेक्टरों में बिकवाली के दबाव में प्रमुख सूचकांक गिरावट में रहे। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 416.72 अंक (0.54 प्रतिशत) गिरकर 76,886 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 97 अंक यानी 0.40 फीसदी नीचे 23,995.70 अंक पर बंद हुआ। डॉलर की तुलना में रुपये में 40 पैसे से ज्यादा की गिरावट से भी निवेश धारणा प्रभावित हुई है।
बड़ी कंपनियों के विपरीत छोटी और मझौली कंपनियों के सूचकांकों में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.26 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.42 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। बैंकिंग, वित्त, आईटी और ऑटो सेक्टरों पर सबसे अधिक दबाव देखा गया। तेल एवं गैस, धातु और रसायन समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडिगो और मारुति सुजुकी के शेयर ढाई फीसदी से अधिक लुढ़क गये। भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर और अल्ट्राटेक सीमेंट में डेढ़ से दो प्रतिशत तक की गिरावट रही। इंफोसिस और एशियन पेंट्स के शेयर एक से डेढ़ प्रतिशत तक टूटे। एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, पावरग्रिड, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाइटन के शेयर भी लाल निशान में रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल में डेढ़ प्रतिशत के आसपास तेजी रही। टेक महिंद्रा, सन फार्मा, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी ऊपर रहे।

Comment List