शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 172 अंक टूटा, पश्चिम एशिया तनाव का दिखा असर
सेंसेक्स और निफ्टी में कमजोरी
मुंबई। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 172 अंक लुढ़क गया। सेंसेक्स सुबह हरे निशान में खुला। खुलने के तुरंत बाद यह करीब 250 अंक चढ़ता हुआ 77,789 अंक पर पहुंच गया। हालांकि 11 बजते-बजते यह लाल निशान में चला गया और फिर उबर नहीं सका। दोपहर बाद 77,202 अंक तक उतरने के बाद सेंसेक्स 171.72 अंक (0.22 प्रतिशत) नीचे 77,369.11 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 32.95 अंक यानी 0.14 अंक की गिरावट में 24,219.05 अंक पर रहा।
अमेरिका द्वारा ईरान पर नये प्रतिबंधों की आशंका में दूसरे एशियाई बाजार भी दबाव में रहे। दोनों देश होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। ऐसे में पश्चिम एशिया में तनाव कम होता नहीं दिख रहा है। घरेलू स्तर पर वृहत बाजार में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.06 प्रतिशत मजबूत हुआ जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.26 प्रतिशत की गिरावट रही। बैंकिंग, वित्त, मीडिया, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, स्वास्थ्य और सीमेंट सेक्टर दबाव में रहे। धातु समूह का सूचकांक 1.59 प्रतिशत की तेजी में रहा। रियल्टी और आईटी समहों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स, बीईएल, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर एक से डेढ़ फीसदी तक टूट गये। ट्रेंट, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, पावरग्रिड और आईटीसी के शेयर भी नीचे बंद हुए। टाटा स्टील का शेयर पौने दो फीसदी और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का सवा दो फीसदी से ऊपर मजबूत हुआ। इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, सन फार्मा और इंडिगो के शेयर भी बढ़त में रहे।

Comment List