कच्चे तेल में नरमी से भारतीय रुपया मजबूत, 45 पैसे की बढ़त के साथ 95.40 प्रति डॉलर पर खुला
रुपये में शानदार रिकवरी
मुंबई। कच्चे तेल में नरमी और विदेशों में बॉन्ड यील्ड घटने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपये में अच्छी मजबूती देखी गयी। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में भारतीय मुद्रा 45 पैसे की बढ़त के साथ 95.40 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। खबर लिखे जाते समय यह 57 पैसे की मजबूती में 95.28 रुपये प्रति डॉलर पर थी। पिछले कारोबारी दिवस पर 60 पैसे गिरकर रुपया 95.85 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद से कच्चे तेल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट है, शेयर बाजार बढ़त में हैं और बॉन्ड यील्ड घट गया है।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता काफी आगे पहुंच गयी है। इसमें इतनी प्रगति पहले कभी नहीं हुई थी और इस सप्ताहांत पर समझौता संभव है। इसके बाद कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। इसका सीधा लाभ रुपये को मिला है।

Comment List