हरे निशान में खुले शेयर बाजार: सेंसेक्स में 700 अंक से ज्यादा की बढ़त, निवेश करने से पहले जरूर पढ़ लें ये खबर
रियल्टी को छोड़कर अन्य सेक्टरों में उछाल
मुंबई। आईटी और एफएमसीजी समेत लगभग सभी सेक्टरों में हुई लिवाली से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 700 अंक से अधिक उछल गया। सेंसेक्स 342.15 अंक चढ़कर 77,423.77 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 740.11 अंक (0.96 प्रतिशत) की मजूबती के साथ 77,506.03 अंक पर था। इससे पहले यह पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 828 अंक चढ़ता हुआ 77,593 अंक तक भी पहुंचा था।
आईटी सेक्टर का सूचकांक करीब पौने तीन फीसदी और एफएमसीजी का इस समय डेढ़ फीसदी ऊपर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 191.30 अंक की बढ़त के साथ 24,176.65 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 219.05 अंक यानी 0.91 प्रतिशत ऊपर 24,204.40 अंक पर रहा। बाजार में चौतरफा लिवाली देखी जा रही है। रियल्टी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में हैं। आईटी और एफएमसीजी कंपनियों के अलावा धातु, रसायन, सीमेंट, स्वास्थ्य, बैंकिंग, वित्त, मीडिया और ऑटो सेक्टरों में भी लिवाली देखी जा रही है।
सेंसेक्स की कंपनियों में अच्छे तिमाही परिणाम के बाद एलएंडटी का शेयर पौने चार प्रतिशत ऊपर है। इंफोसिस में सवा तीन फीसदी की तेजी है। हिंदुस्तान यूनीलिवर और टीसीएस के शेयर ढाई से तीन प्रतिशत ऊपर हैं। टाटा स्टील, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी और इटरनल के शेयर एक से दो प्रतिशत तक चढ़े।

Comment List